ECR: बुकिंग क्लर्क को सीबीआई ने ₹20,000 की रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़ा, वाणिज्य अधीक्षक भी गिरफ्तार
मुजफ्फरपुर: #CBI ने समस्तीपुर मंडल, पूर्व मध्य रेलवे के एक बुकिंग क्लर्क #वीरेशकुमार को ₹20,000 की रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है। उसके साथ वाणिज्य अधीक्षक #माणिकचंद को भी गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई #रक्सौल रेलवे स्टेशन के पार्सल कार्यालय में रिश्वतखोरी के मामले में की गई है।
कल मंगलवार, 22 जुलाई की देर शाम सीबीआई की विशेष टीम ने रक्सौल रेलवे स्टेशन के पार्सल कार्यालय पर छापेमारी कर बुकिंग क्लर्क वीरेश कुमार को 20 हजार रुपये की घूस लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान बुकिंग क्लर्क वीरेश कुमार ने वाणिज्य अधीक्षक माणिक चंद के कहने पर घूस लेना स्वीकार किया।
तत्पश्चात सीबीआई ने #समस्तीपुर से वाणिज्य अधीक्षक माणिक चंद को भी उसके सरकारी आवास से गिरफ्तार कर लिया। इन दोनों छोटी मछलियों की गिरफ्तारी से रेलकर्मियों में हड़कंप मचा है। हालाँकि सूत्रों का कहना है कि यह दोनों छोटी मछली हैं, असली खिलाड़ी तो मंडल कार्यालय में बैठे संबंधित अधिकारी हैं!
रेलकर्मी बताते हैं कि वीरेश कुमार का कार्यकाल पूरा होने पर रोटेशन में 11 मई को रक्सौल से अन्यत्र ट्रांसफर कर दिया गया था, लेकिन दो महीने से अधिक समय बीत जाने पर भी उसे वहां से स्पेयर नहीं कर अधिकारी ने फाइल दबाए रखी। फिलहाल सीबीआई पूछताछ के जरिए इससे जुड़े अन्य रिश्वतखोरों की तलाश में जुट गई है।
ग्रुप ‘सी’ के रोटेशन में लगभग हर डिवीजन एवं जोनल मुख्यालय में पक्षपात, भेदभाव, फेवर, और भ्रष्टाचार होता है, यह तथ्य निर्विवाद रूप से सत्य है।

