झाँसी मंडल को जून में माल भाड़े से ₹85.73 करोड़ की आय—फ्लाई ऐश परिवहन में नया कीर्तिमान

प्रयागराज ब्यूरो: मंडल रेल प्रबंधक/झाँसी दीपक कुमार सिन्हा के कुशल मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक नीरज भटनागर के नेतृत्व में झाँसी मंडल ने माल परिवहन क्षेत्र में एक उल्लेखनीय उपलब्धि प्राप्त की है।

जून 2025 में झाँसी मंडल को माल भाड़े से कुल ₹85.73 करोड़ की आय प्राप्त हुई है। यह आय पिछले वर्ष के जून माह की तुलना में लगभग 6.3% अधिक है, जो मंडल की निरंतर प्रगति और रणनीतिक माल ढुलाई प्रयासों का परिणाम है।

इस अवधि में कुल 8.40 मिलियन टन माल का सफलतापूर्वक परिवहन किया गया। इस आय में सर्वाधिक योगदान देने वाले प्रमुख माल वर्ग निम्नलिखित हैं:

Advertisements
  • पेट्रोलियम ऑयल प्रोडक्ट्स (POL) – ₹24 करोड़
  • फूड ग्रेन्स (अनाज) – ₹17 करोड़
  • सीमेंट – ₹16.5 करोड़
  • डी-ऑयल केक (खली) – ₹9.5 करोड़

माल लदान के प्रदर्शन को देखें तो जून 2025 तक 2.22 मिलियन टन (MT) के निर्धारित लक्ष्य की तुलना में 2.49 मिलियन टन की लोडिंग की गई, जो लक्ष्य से 12.16% अधिक है। साथ ही, यह पिछले वर्ष की तुलना में 4.2% की वृद्धि को भी दर्शाता है।

राजस्व की दृष्टि से देखा जाए तो जून 2025 तक ₹244.13 करोड़ के लक्ष्य के मुकाबले झाँसी मंडल ने ₹259.21 करोड़ की आय अर्जित की, जो लक्ष्य से 10.24% अधिक है, और पिछले वर्ष की तुलना में 6.2% अधिक है।

फ्लाई ऐश परिवहन में नया कीर्तिमान

झाँसी मंडल ने जून 2025 में फ्लाई ऐश के परिवहन में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज की है। अब तक के रिकॉर्ड के अनुसार इस माह में सर्वाधिक 31 रेक लोड कर कुल ₹7.35 करोड़ की आय अर्जित की गई। यह प्रदर्शन न केवल मंडल की माल ढुलाई क्षमता को दर्शाता है, बल्कि पर्यावरणीय दृष्टिकोण से भी एक सकारात्मक पहल है।

मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार सिन्हा ने इस सफलता के लिए समस्त वाणिज्य, परिचालन एवं ट्रैफिक विभाग की टीम को बधाई दी एवं कहा कि “यह उपलब्धि टीम वर्क, प्रभावी योजना और ग्राहकों के विश्वास का परिणाम है। झाँसी मंडल भविष्य में भी इसी प्रकार से रेलवे के राजस्व में वृद्धि हेतु प्रतिबद्ध रहेगा।”