“रेलवन” ऐप लांच: यात्रियों के लिए सभी सेवाओं का एक स्थान पर समाधान

नई दिल्ली (पीआईबी): रेल मंत्रालय लगातार यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए कदम उठा रहा है। नए जनरेशन की ट्रेनों की शुरुआत, स्टेशनों का पुनर्विकास, पुराने डिब्बों को नए एलएचबी कोचों में अपग्रेड करना और ऐसे कई अन्य प्रयासों ने पिछले दशक में यात्री अनुभव को बेहतर किया है।

रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने मंगलवार, 01 जुलाई 2025 को नई दिल्ली स्थित इंडिया हैबिटेट सेंटर में रेल सूचना प्रणाली केंद्र (#CRIS) के 40वें स्थापना दिवस के अवसर पर नया ऐप #RailOne (#रेलवन) लांच किया। यह ऐप यात्रियों के लिए रेलवे के साथ इंटरफेस को बेहतर बनाने पर केंद्रित है।

RailOne एक समग्र, ऑल-इन-वन मोबाइल एप्लिकेशन है जिसमें एक सहज और उपयोगकर्ता अनुकूल इंटरफेस है। यह ऐप एंड्रॉइड प्ले स्टोर और iOS ऐप स्टोर पर डाउनलोड के लिए उपलब्ध है। इसमें सभी प्रमुख यात्री सेवाएं एकीकृत की गई हैं, जैसे:

Advertisements

● अनारक्षित एवं प्लेटफॉर्म टिकट की बुकिंग पर 3% की छूट
● लाइव ट्रेन ट्रैकिंग
● शिकायत निवारण प्रणाली (ग्रेविएंस रीड्रेसल)
● ई-कैटरिंग, कुली बुकिंग एवं अंतिम मील टैक्सी सेवा

आरक्षित टिकटों की बुकिंग पहले की तरह IRCTC पर ही जारी रहेगी।
RailOne ऐप को भी IRCTC द्वारा अधिकृत किया गया है, ठीक वैसे ही जैसे अन्य कई व्यावसायिक ऐप्स ने IRCTC के साथ साझेदारी की है।

RailOne ऐप में सिंगल-साइन-ऑन की सुविधा है, जिसमें mPIN या बायोमेट्रिक के माध्यम से लॉगिन किया जा सकता है। यह ऐप RailConnect और UTS के मौजूदा लॉगिन क्रेडेंशियल्स को भी सपोर्ट करता है।

यह स्पेस बचाने वाला ऐप है, क्योंकि यात्रियों को अलग-अलग ऐप्स इंस्टॉल करने की आवश्यकता नहीं है।

दिसंबर 2025 तक आधुनिक PRS

रेल मंत्री ने CRIS की स्थापना दिवस पर पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने भारतीय रेल की डिजिटल रीढ़ को और मजबूत करने पर ध्यान केंद्रित करने का आग्रह किया।

मंत्री ने मौजूदा PRS प्रणाली को अपग्रेड करने में CRIS द्वारा की गई प्रगति की भी सराहना की।

नई पीढ़ी का पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम (#PRS) तेज, बहुभाषी, और 10 गुना अधिक लोड संभालने में सक्षम होगा। यह हर मिनट 1.5 लाख टिकट बुकिंग और 40 लाख पूछताछ करने में सक्षम होगा।

यह नई PRS प्रणाली समावेशी (inclusive) होगी। इसमें सीट चयन, किराया कैलेंडर, और दिव्यांगजन, छात्रों एवं मरीजों आदि के लिए एकीकृत विकल्प उपलब्ध होंगे।

भविष्य को परिभाषित करती तकनीक

भारतीय रेल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘विकास यात्रा’ में भारत का ग्रोथ इंजन बनने के विजन से प्रेरित है। RailOne ऐप का शुभारंभ, तकनीक के लोकतांत्रिक उपयोग और हर यात्री को विश्वस्तरीय परिवहन सुविधा प्रदान करने की भारतीय रेल की प्रतिबद्धता को फिर से दर्शाता है।