September 6, 2024

रेल यात्रियों से जबरन वसूली करने वाले किन्नरों के विरुद्ध आरपीएफ का धरपकड़ अभियान

59 किन्नरों को गिरफ्तार किया गया, 20 किन्नरों को जेल भेजा गया

प्रयागराज ब्यूरो: रेल यात्रियों को यात्रा के दौरान किन्नरों द्वारा जबरदस्ती पैसे वसूलने और परेशान किए जाने सम्बन्धी शिकायतें हाल ही में बड़े पैमाने पर रेल सुरक्षा बल को प्राप्त हुईं। आरपीएफ द्वारा किन्नरों के विरुद्ध धरपकड़ अभियान चलाया गया।

यात्रियों की इन शिकायतों को गम्भीरता से लेते हुए उत्तर मध्य रेलवे के प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त/रेल सुरक्षा बल, अमिय नन्दन सिन्हा के दिशा-निर्देशन में 19.08.2024 से 02.09.2024 तक उत्तर मध्य रेलवे के तीनों मंडलों – प्रयागराज, आगरा एवं झांसी – में किन्नरों के विरूद्व सघन चेकिंग अभियान चलाया गया तथा उनके विरूद्ध विधिक कार्यवाही की गई।

उक्त अभियान में रेल अधिनियम-1989 की विभिन्न सम्बन्धित धाराओं के अन्तर्गत 59 किन्नरों को गिरफ्तार किया गया, जिनसे न्यायालय द्वारा ₹6,900/- का जुर्माना वसूला गया और जुर्माना न भरने वाले 20 किन्नरों को जेल भेजा गया।

उत्तर मध्य रेलवे के प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त/रेल सुरक्षा बल, अमिय नन्दन सिन्हा का कहना है कि किन्नरों और अवैध वेंडरों के विरुद्ध इस प्रकार के अभियान भविष्य में भी निरन्तर जारी रहेंगे, ताकि रेल यात्रियों की यात्रा सुरक्षित व सुगम हो सके। यात्रियों की सुरक्षा और संरक्षा के लिए रेल सुरक्षा बल/उत्तर मध्य रेलवे सदैव तत्पर है।