February 12, 2023

हरित ऊर्जा के उपयोग से पर्यावरण संरक्षण के साथ राजस्व बचत में निरंतर वृद्धि

प्रयागराज ब्यूरो: मंडल रेल प्रबंधक/झांसी आशुतोष के दिशा-निर्देशन में झांसी मंडल द्वारा हरित ऊर्जा के उपयोग को निरंतर बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे कार्बन उत्सर्जन को प्रत्यक्ष और परोक्ष रूप से कम किया जा रहा है। इसके साथ ही हरित ऊर्जा के माध्यम से राजस्व की बचत की जा रही है।

झांसी मंडल द्वारा चालू वित्तीय वर्ष 2022-23, जनवरी माह में 58,61,880 यूनिट बिजली की बचत की गई है, जिससे ₹3.90 करोड़ के रेल राजस्व की बचत हुई है। वित्त वर्ष 2022-23‌ में अप्रैल से जनवरी तक आधुनिक तकनीक के थ्री फेज लोकोमोटिव (रेल इंजन) के उपयोग से ₹38.08 करोड़ के रेल राजस्व की बचत की गई है। थ्री फेज इंजन होने की वजह से इसमें रि-जनरेटिव ब्रेकिंग भी होता है जिसकी वजह से ब्रेकिंग में लगने वाली उर्जा एकत्रित होकर पुनः इंजन को प्राप्त हो जाती है तथा ऊर्जा की बचत होती है।

इसी प्रकार झांसी मंडल द्वारा चालू वित्तीय वर्ष 2022-23 में अप्रैल से जनवरी तक हाई स्पीड डीजल खपत में लाई गई कमी से रिकॉर्ड ₹13.11 करोड़ रेल राजस्व की बचत की गई है। डीजल की बचत लोको शटडाउन तथा अन्य माध्यमों से हाई स्पीड डीजल (#HSD) की खपत में कमी लाते हुए की गई है। वहीं जनवरी-23 में ₹1.08 करोड़ रेल राजस्व कि बचत की गई है।

यह बचत डीजल के स्थान पर बिजली के अधिकतम उपयोग से संभव हो सकी है। डीजल की खपत में आई कमी के साथ ही तकनीक का उपयोग एवं उचित प्रबंधन से डीजल उपयोग में कमी आई है। डीजल की खपत में कमी के चलते कार्बन उत्सर्जन में भी गिरावट आती है, जो कि पर्यावरण को हरित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है तथा ग्लोबल वार्मिंग की रोकथाम हेतु सहायक है।

इसके साथ ही झांसी मंडल द्वारा सौर ऊर्जा के उत्पादन से भी रेल राजस्व की बचत की जा रही है। दिसंबर-22 में मंडल के सोलर प्लांट द्वारा 70,149 यूनिट बिजली का उत्पादन किया गया, जिससे ₹2,18,097/- के राजस्व की बचत हुई। वहीं वित्तीय वर्ष के दौरान दिसंबर-22 तक कुल ₹27,18,318/- के राजस्व की बचत हो चुकी है।