February 11, 2023

बिना उचित कारण अलार्म चेन खीचने वालों के विरुद्ध चलाया जा रहा सघन अभियान

प्रयागराज ब्यूरो: झांसी मंडल सभी रेल उपयोगकर्ताओं के लिए बेहतर यात्री सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इन्हीं प्रयासों के क्रम में झांसी मंडल के रेलवे सुरक्षा बल द्वारा बिना उचित कारण के अलार्म चेन खीचने (#ACP) वालों के विरुद्ध सघन अभियान चलाकर लगातार कार्यवाही की जा रही है।

इसी क्रम में झांसी मंडल में रेल सुरक्षा बल द्वारा जनवरी 2023 में रेलगाड़ियों में अनधिकृत रूप से एसीपी (अलार्म चेन पुलिंग) करने वाले कुल 89 आरोपियों को पकड़कर उनके विरुद्ध धारा 141 रेलवे एक्ट के तहत विधिक कार्यवाही की गई। साथ ही रेल सुरक्षा बल स्टाफ द्वारा विशेष अभियान के तहत समय-समय पर रेल लाइन के पास स्थित गांवों एवं स्टेशनों पर उद्घोषणा के माध्यम से एसीपी न करने हेतु लोगों को जागरूक किया जा रहा है।

रेल प्रशासन अपने सम्मानित यात्रियों से अनुरोध करता है कि बिना उचित एवं पर्याप्त कारण के चेन पुलिंग न करें, ऐसा करना दंडनीय अपराध है। उक्त कृत्य से आपके साथी यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। सभी रेल यात्री खान-पान का सामान अधिकृत वेंडर से ही लें, स्टेशन परिसर में कोई विक्रेता किसी भी सामान का MRP से अधिक मूल्य मांगता है तो आप रेलवे की हेल्प लाइन नं. 139, रेल मदद ऐप तथा स्टेशन पर मौजूद अधिकारियो से शिकायत कर सकते हैं।

झांसी मंडल मिशन जीरो स्क्रैप की ओर अग्रसर

झांसी मंडल द्वारा वित्तीय वर्ष 2022-23 में 31.01.2023 तक स्क्रैप सामग्री का निस्तारण कर ₹37.35 करोड़ का राजस्व अर्जित किया गया है। वर्तमान वित्त वर्ष में अब तक कुल लगभग 6323 मीट्रिक टन स्क्रैप सामग्री का निस्तारण कर झांसी मंडल ने मिशन जीरो स्क्रैप की दिशा में तेजी से कदम बढ़ाया है।

इस प्रकार झासी मंडल इस वित्त वर्ष 2022-23 में स्क्रैप सामग्री निस्तारण के निर्धारित लक्ष्य ₹45 करोड़ को प्राप्त करने की दिशा में तेजी से बढ़ रहा है। इस रिकॉर्ड प्रदर्शन पर आशुतोष मंडल रेल प्रबंधक/झांसी मंडल ने सभी संबंधित अधिकारियों/कर्मचारियों को बधाई दी है तथा आगे भी इसी प्रकार के प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया है।