July 24, 2022

उत्तर मध्य रेलवे: राजभाषा प्रदर्शनी का आयोजन

कार्मिक विभाग में किए जा रहे राजभाषा हिंदी के कार्यों का अनुकरणीय प्रदर्शन

प्रयागराज ब्यूरो: उत्तर मध्य रेलवे में राजभाषा के प्रयोग-प्रसार में बहुआयामी प्रगति के उद्देश्य से उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक प्रमोद कुमार के निर्देशानुसार महाप्रबंधक कार्यालय में कार्मिक विभाग में किए जा रहे राजभाषा हिंदी के प्रयोग-प्रसार की प्रदर्शनी लगाई गई है।

इस प्रदर्शनी में कार्मिक विभाग द्वारा हिंदी में किए जा रहे कार्यों की आकर्षक प्रस्तुति की गई। मुख्‍य राजभाषा अधिकारी एवं प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक शशिकांत सिंह तथा प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी अवधेश कुमार द्वारा दीप प्रज्‍वलित कर प्रदर्शनी का उद्घाटन किया गया।

संसदीय राजभाषा समिति के निरीक्षण से संबंधित मदों के अनुसार कार्मिक विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की गई। इस अवसर पर मुख्य राजभाषा अधिकारी ने कहा कि हमारी रेलवे और कार्यालय पूरी तरह हिंदीभाषी क्षेत्र में है, अत: हमें कर्तव्य भावना के साथ अपने सरकारी कार्यों में हिंदी का ही प्रयोग करना चाहिए। उन्होंने कार्मिक विभाग द्वारा किए जा रहे राजभाषा हिंदी के उत्कृष्ट प्रयोग-प्रसार की सराहना की।

प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी अवधेश कुमार ने कहा कि कार्मिक विभाग, उत्तर मध्य रेलवे राजभाषा के प्रयोग-प्रसार में अग्रणी भूमिका निभा रहा है तथा हिंदी में शत-प्रतिशत कार्य के लिए निरंतर प्रयत्नशील है।

इस अवसर पर उप मुख्‍य राजभाषा अधिकारी एवं डिप्टी एफएएंडसीएओ/एफएंडबी शैलेन्द्र कुमार सिंह भी उपस्थित थे।

राजभाषा प्रदर्शनी का संयोजन एवं समन्वय उप मुख्य कार्मिक अधिकारी/मुख्यालय ब्रजेश कुमार चतुर्वेदी द्वारा किया गया।‌ कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ राजभाषा अधिकारी चंद्रभूषण पांडेय ने किया। कार्यक्रम में कार्मिक विभाग के सभी अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।

राजभाषा हिंदी के उत्कृष्ट प्रयोग-प्रसार और आकर्षक एवं सुरुचिपूर्ण प्रस्तुति‍ के लिए मुख्‍य राजभाषा अधिकारी द्वारा कार्मिक विभाग को ₹11000 का समूह पुरस्कार प्रदान करने की घोषणा की गई।