July 22, 2022

झांसी मंडल/उ.म.रे.: रेल राजस्व की बचत

नई तकनीकयुक्त थ्री-फेज लोकोमोटिव के प्रयोग से झांसी मंडल ने जून’22 में 56,84,513 यूनिट बिजली की बचत को ₹5.18 प्रति यूनिट से आंकने पर ₹2,94,45,777 के रेल राजस्व की बचत हुई

उमेश शर्मा, ब्यूरो प्रमुख/प्रयागराज

उत्तर मध्य रेलवे, झांसी मंडल द्वारा माह चालू वित्तीय वर्ष 2022-23 में जून 2022 तक हाई स्पीड डीजल खपत में कमी से रिकॉर्ड ₹4.30 करोड़ रेल राजस्व की बचत की गई है।

जून’22 में 1208 किलोलीटर हाई स्पीड डीजल का उपयोग हुआ, जबकि जून’21 में इसी अवधि के दौरान 1399 किलोलीटर डीजल का उपयोग हुआ था। इस प्रकार डीजल खपत में 13.65% की कमी हुई है। जून’22 में मंडल द्वारा ₹1.49 करोड़ के रेल राजस्व की बचत की गई है।

यह बचत डीजल के बजाय बिजली के अधिकतम उपयोग से संभव हो सकी है। डीजल की खपत में आई कमी के साथ ही तकनीक के उपयोग एवं उचित प्रबंधन से डीजल की खपत में कमी आई है। खपत में इस कमी के चलते कार्बन उत्सर्जन में भी गिरावट आती है, जो कि पर्यावरण को हरित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है तथा ग्लोबल वार्मिंग की रोकथाम हेतु सहायक है।

वर्तमान में झांसी मंडल के अधिकांश खंड विद्युतिकृत हैं। नई तकनीकयुक्त थ्री-फेज एबीबी लोकोमोटिव के प्रयोग से झांसी मंडल ने जून’22 में 56,84,513 यूनिट बिजली की बचत की है। इसको अगर ₹5.18 प्रति यूनिट से आंका जाए तो यह ₹2,94,45,777 के रेल राजस्व की बचत है। थ्री-फेज इंजन होने से इसमें रिजनरेटिव ब्रेकिंग भी होता है। इससे भी ऊर्जा की बचत होती है।

यहां यह भी उल्लेखनीय है जून’22 माह के दौरान झांसी मंडल द्वारा भूमि संशाधनों से ₹9.90 करोड़ का रेल राजस्व अर्जित किया गया।