February 22, 2022

महाप्रबंधक/उ.म.रे. प्रमोद कुमार ने किया खैरार-भीमसेन रेल खंड का निरीक्षण

प्रयागराज ब्यूरो: महाप्रबंधक/उत्तर मध्य रेलवे के प्रमोद कुमार द्वारा खैरार-भीमसेन रेल खंड का गत सप्ताह संरक्षा निरीक्षण किया गया। महाप्रबंधक ने निरीक्षण की शुरुआत खैरार स्टेशन से की। उन्होंने खैरार स्टेशन पर व्यवस्था का गहन अवलोकन किया और पैनल रूम के साथ सभी दृष्टिकोण से स्टेशन वर्किंग की परख की। महाप्रबंधक ने खैरार स्थित बलास्ट साइडिंग पर बलास्ट के माप को लेकर संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।

इसके पश्चात महाप्रबंधक ने सेक्शन में उपलब्ध ट्रैक से जुड़े संरक्षा उपकरणों सहित अन्य संस्थापनाओं की स्वयं सघनता से जांच की।

उन्होंने हमीरपुर स्टेशन के निकट निर्माणाधीन 1980 मेगावाट थर्मल पॉवर प्लांट एनयूपीपीएल साइडिंग, पावर प्लांट कनेक्टिविटी के ले-आउट प्लान को देखा। इसके अलावा नई बिल्डिंग का भी अवलोकन किया।

महाप्रबंधक प्रमोद कुमार ने निरीक्षण के क्रम में वर्तमान एवं दोहरीकरण कार्य के तहत निर्माणाधीन यमुना पुल का सघन निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके पश्चात उन्होंने घाटमपुर स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के साथ संरक्षा से जुड़े पहलुओं की सघन जांच की।

उन्होंने रेल समपार पर संरक्षा व्यवस्था को देखा और फील्ड कर्मियों से संरक्षा संबंधी वार्ता भी की। महाप्रबंधक द्वारा खैरार-भीमसेन के मध्य चल रहे दोहरीकरण कार्य की समीक्षा भी की गई। उन्होंने विशेष तौर पर समीपवर्ती औद्योगिक क्षेत्र से जुड़े व्यापारियों से समन्वय स्थापित करते हुए व्यापार बढ़ाने हेतु आमंत्रित करने पर जोर दिया। महाप्रबंधक द्वारा चल रहे विकास कार्यों को समय सीमा के अंदर पूरा करने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक आशुतोष सहित मुख्यालय से महाप्रबंधक के सचिव अजय सिंह, उपसचिव विजय कुमार, झांसी मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक नवीन दीक्षित, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक शशिकांत त्रिपाठी, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (द्वितीय) अखिल शुक्ल, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी अशोक प्रिय गौतम, वरिष्ठ मंडल अभियंता (पूर्व) एस सी दुबे, वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजिनीयर अमित गोयल वरिष्ठ मंडल अभियंता (TRD) मयंक शांडिल्य, उप मुख्य अभियंता (निर्माण) कानपुर सहित अन्य अधिकारीगण और पर्यवेक्षक उपस्थित थे।