January 7, 2022

मंडल रेल प्रबंधक द्वारा बांदा परिक्षेत्र का निरीक्षण

मंडल रेल प्रबंधक, झांसी आशुतोष द्वारा 6 जनवरी को बांदा स्टेशन एवं परिक्षेत्र का सघन निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बाँदा स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को सुविधाओं की बेहतरी हेतु निर्देशित किया।

उन्होंने क्रू लॉबी तथा रनिंग स्टाफ हेतु लॉबी का निरीक्षण किया तथा उपलब्ध सुविधाओं को देखा। क्रू लॉबी के निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने उपलब्ध स्टाफ से संरक्षित रेल संचालन हेतु संरक्षा उपायों की जानकारी ली तथा सभी का ज्ञानवर्धन किया।

मंडल रेल प्रबंधक आशुतोष द्वारा समपार फाटक संख्या 452 पर निर्माणाधीन रोड अंडर ब्रिज (आयूबी) के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया तथा कार्य को तय समय सीमा के अंदर निष्पादित करने हेतु निर्देश दिए।

इसके पश्चात मंडल रेल प्रबंधक के निर्देशन में बाँदा स्टेशन पर उपलब्ध एआरटी तथा एआरएमई का त्रैमासिक निरीक्षण जेएजी अधिकारियों की टीम – वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी अशोक प्रिय गौतम, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजिनीयर (ओएंडएफ) ए के तिवारी एवं वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक अतुल यादव – द्वारा किया गया, जिसमें सभी संस्थापन की परख अधिकारियों द्वारा की गयी।

निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक के साथ अपर मंडल रेल प्रबंधक (तकनीकी) अमित सेंगर, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर समन्वय सत्य प्रकाश मिश्र एवं वरिष्ठ मंडल इंजिनीयर (पूर्व) एस सी दुबे उपस्थित रहे।