August 21, 2021

एथलीट प्रियंका गोस्वामी को मिली महाप्रबंधक/पूर्वोत्तर रेलवे की बधाई

गोरखपुर ब्यूरो: पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक एवं पूर्वोत्तर रेलवे क्रीड़ा संघ (नरसा) के संरक्षक विनय कुमार त्रिपाठी ने टोक्यो ओलम्पिक में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करने वाली पूर्वोत्तर रेलवे की एथलीट प्रियंका गोस्वामी को बेहतर प्रदर्शन के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर महाप्रबंधक श्री त्रिपाठी ने कहा कि प्रियंका गोस्वामी खेल जगत की सम्भावनाओं से युक्त प्रतिभावान खिलाड़ी हैं तथा भविष्य में निश्चित रूप से वे पूर्वोत्तर रेलवे, भारतीय रेल तथा राष्ट्र का नाम अपने उल्लेखनीय प्रदर्शन से पूरे विश्व में रोशन करेंगी।

ज्ञातव्य है कि प्रियंका गोस्वामी, महाप्रबंधक विनय कुमार त्रिपाठी से मिलकर नरसा द्वारा उन्हें खेल संबंधी उपलब्ध कराई जा रहीं सुविधाओं एवं उन्नत प्रशिक्षण के प्रति आभार व्यक्त करने आई थीं।

इस अवसर पर नरसा के अध्यक्ष एवं मुख्य कारखाना प्रबंधक/यांत्रिक कारखाना योगेश मोहन, महासचिव एवं मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह, क्रिकेट सचिव एवं महाप्रबंधक के सचिव डी.के.खरे, सचिव/क्रास कंट्री एवं वरिष्ठ सतर्कता अधिकारी/यातायात अमित कुमार श्रीवास्तव, कोषाध्यक्ष तथा वरिष्ठ सतर्कता अधिकारी/लेखा जयप्रकाश एवं सहायक क्रीड़ाधिकारी तथा भारतीय कुश्ती टीम के कोच चन्द्र विजय सिंह आदि उपस्थित थे।

ज्ञातव्य है कि प्रियंका गोस्वामी 20 किमी. वाक (तेज चाल) की उदीयमान खिलाड़ी हैं। इन्होंने रांची में आयोजित इंटरनेशनल वाक चैम्पियनशिप-2021 में मात्र 1 घंटा 28 मिनट एवं 45 सेकेंड का समय लेकर पहला स्थान प्राप्त करते हुए टोक्यो ओलम्पिक के लिए क्वालीफाई किया।

टोक्यो ओलम्पिक में भाग ले रहे 60 खिलाड़ियों में से प्रियंका ने 17वां स्थान प्राप्त किया। उन्होंने यह दूरी 1 घंटा 32 मिनट एवं 36 सेकेंड में तय किया। प्रियंका गोस्वामी के अनुसार प्रतिकूल मौसम ने उनके प्रदर्षन को प्रभावित किया।

भविष्य में बेहतर प्रदर्शन करने की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराते हुए प्रियंका गोस्वामी ने अपने कोच विनोद पोखरियाल के प्रति आभार व्यक्त किया, जिनके कुशल निर्देशन में उनका प्रदर्शन निरंतर सुधर रहा है।

उल्लेखनीय है कि विनोद पोखरियाल पूर्वोत्तर रेलवे एवं भारतीय रेल के एथलेटिक एवं क्रास कंट्री टीम के कोच हैं। प्रियंका गोस्वामी अगले वर्ष 2022 में अनेक अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पाधाओं में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी, जिनमें एशियन गेम्स (चीन), कामन वेल्थ गेम्स (ब्रिटेन) तथा वर्ल्ड चैम्पियनशिप (अमेरिका) प्रमुख हैं।

#PriyankaGoswami #NERailway #GMNER