January 5, 2021

डीआरएम/मुंबई मंडल/म.रे. शलभ गोयल ने किया कल्याण का निरीक्षण दौरा

सेंट्रल रेलवे स्कूल, कल्याण के प्रिंसिपल जैकब थॉमस के साथ चर्चा करते हुए मंडल रेल प्रबंधक, मुंबई मंडल, मध्य रेलवे शलभ गोयल। उनके साथ हैं एडीआरएम डॉ सुमंत देउलकर, एडीआरएम आशुतोष गुप्ता, सीनियर डीईएन/समन्वय सुरेश पाखरे, सीनियर डीपीओ अभिषेक पासवान।

डीआरएम ने रेलवे स्कूल कल्याण के ऑडिटॉरियम का निर्माण कार्य अति-शीघ्र पूरा करने का दिया निर्देश 

कल्याण: मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम), मुंबई मंडल, मध्य रेलवे शलभ गोयल ने रविवार, 3 जनवरी 2021 को कल्याण का निरीक्षण दौरा किया। उनके साथ एडीआरएम डॉ सुमंत देउलकर, एडीआरएम आशुतोष गुप्ता, सीनियर डीईएन/समन्वय सुरेश पाखरे, सीनियर डीपीओ अभिषेक पासवान, सीएमएस डॉ मेहरोत्रा सहित अन्य सभी मंडल अधिकारी उपस्थित थे।

इस दौरे में डीआरएम श्री गोयल ने सर्वप्रथम मंडल अस्पताल, कल्याण का निरीक्षण किया और आवश्यक बंदोबस्त एवं सुधार करने के निर्देश दिए। इस मौके पर उन्होंने अस्पताल की साफ-सफाई व्यवस्था की सराहना भी की।

तत्पश्चात उन्होंने सेंट्रल रेलवे स्कूल, कल्याण का दौरा किया। उन्होंने स्कूल की साइंस लैब, ऑनलाइन क्लासेज की व्यवस्था, जल व्यवस्थापन, साफ-सफाई स्पोर्ट्स गतिविधियों आदि का निरीक्षण करते हुए स्कूल के प्रिंसिपल जैकब थॉमस से उनकी विस्तृत जानकारी भी प्राप्त की और स्कूल की पूरी प्रबंधन व्यवस्था की सराहना की।

डीआरएम ने स्कूल के अर्ध-निर्मित ऑडिटोरियम और पानी की टंकी का भी निरीक्षण किया। यह काम पिछले दो सालों में पूरा नहीं हो पाया है। उनके द्वारा इस बारे में पूछे जाने पर संबंधित अधिकारियों ने उन्हें बताया कि काम जल्दी ही पूरा कर लिया जाएगा। संबंधित अधिकारियों को उन्होंने यह कार्य जल्दी से जल्दी पूरा करने का निर्देश दिया।

रेलवे स्कूल, कल्याण के अर्ध-निर्मित ऑडिटोरियम का निरीक्षण करते हुए डीआरएम शलभ गोयल।

उल्लेखनीय है कि पूर्व महाप्रबंधक/म.रे. देवेंद्र कुमार शर्मा ने रेलवे स्कूल, कल्याण में ऑडिटोरियम के निर्माण कार्य को अक्टूबर, 2018 में मंजूरी दी थी। वह मई, 2019 में रिटायर हो गए थे। तब से यह काम अटका हुआ है।

इसके अलावा, तोड़-फोड़कर छोड़ दिए जाने से इस दौरान उसका कोई उपयोग भी नहीं किया जा सका। यही हाल पानी की टंकी का भी हुआ, जिसके नीचे चलने वाली एक क्लास भी तब से बंद है।

ज्ञातव्य है कि डीआरएम का यह कल्याण दौरा अगले महीने होने वाले जीएम निरीक्षण की पूर्व तैयारी के परिप्रेक्ष्य में हुआ। उन्होंने सबरबन लॉबी और सेंट्रल केबिन का भी सघन निरीक्षण किया और आवश्यक सुधार के निर्देश भी दिए।

#DRM #mumbaidivision #CentralRailway