“कैलकुलेशन, कास्ट और कैश” के जाल में उलझी रेलवे की स्थानांतरण नीति
अप्रैल से जून 2026 के आदेशों की क्रोनोलॉजी और शीर्ष नेतृत्व की संदेहास्पद भूमिका पर विशेष खुलासा
भारतीय रेल के वित्तीय विंग में क्रमिक स्थानांतरण विसंगतियां: नीतिगत विरोधाभास, संस्थागत पूर्वाग्रह और प्रशासनिक नैतिकता का समेकित विश्लेषण
संदर्भ: रेलवे बोर्ड आदेश संख्या E(O)III-2026/PM/53 दिनांक 03.06.2026 एवं आदेश संख्या E(O)III-2026/TR/166 दिनांक 24.04.2026
रेलसमाचार ब्यूरो, दिल्ली / हाजीपुर
संपादकीय टिप्पणी: यह समेकित प्रतिवेदन पूर्व में प्रकाशित खोजी रिपोर्ट, “रेलवे बोर्ड के विरोधाभासी स्थानांतरण आदेश: उच्च स्तरीय वित्तीय विंग में प्रशासनिक नैतिकता, संस्थागत शुचिता और नीतिगत विसंगतियां” की ही निरंतरता है। 24 अप्रैल 2026 और 3 जून 2026 को जारी रेलवे बोर्ड के दो उच्च स्तरीय आदेशों के बीच की कड़ियों, समय-अंतराल और व्हिसलब्लोअर (सत्यनिष्ठा उद्घोषक) से प्राप्त इनपुट का मिलान करके यहां एक विस्तृत विश्लेषण तैयार किया गया है। जिम्मेदार पत्रकारिता के मानदंडों के अनुसार, इस रिपोर्ट का उद्देश्य किसी की व्यक्तिगत मानहानि करना नहीं, बल्कि सार्वजनिक हित में रेल प्रशासन के शीर्ष पदों पर पारदर्शिता और जवाबदेही का मूल्यांकन करना है।
नीतिगत विरोधाभास-तिकड़मी क्रोनोलॉजी:
अप्रैल और जून के आदेशों के बीच छिपी ‘क्रोनोलॉजी’: 24 अप्रैल 2026 को जारी आदेश संख्या E(O)III-2026/TR/196 के क्रम संख्या 3 के तहत पूर्वोत्तर रेलवे (#NER) के तत्कालीन #PFA अमरजीत गौतम (HAG/IRAS) का स्थानांतरण दिल्ली (#NorthernRailway) में PFA (Construction) के पद पर किया जाता है। प्रशासनिक नियमों के अनुसार, जब वित्तीय विंग के इतने महत्वपूर्ण पद से किसी अधिकारी को हटाया जाता है, तो उसी समय वहां नए अधिकारी की नियुक्ति भी होनी चाहिए। परंतु, रेलवे बोर्ड द्वारा पूर्वोत्तर रेलवे के पीएफए का पद एक महीने से अधिक समय तक रिक्त छोड़ दिया गया। इसके बाद, 3 जून 2026 को जारी आदेश के माध्यम से पूर्व मध्य रेल (#ECR) की PFA (Construction) को असमय हटाकर गोरखपुर (#NER) भेजा गया। यह समय-अंतराल सामान्य प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि किसी पूर्व-नियोजित रणनीति का हिस्सा प्रतीत होता है।
शीर्ष नेतृत्व पर पक्षपात और ‘कास्ट पॉलिटिक्स’ के आरोप
व्हिसलब्लोअर द्वारा उपलब्ध कराए गए इनपुट के अनुसार, रेलवे के स्थानांतरण तंत्र में पारदर्शिता के बजाय “कैलकुलेशन, कास्ट (जाति) और कैश (धनबल)” का सीधा प्रभाव परिलक्षित हो रहा है। इनपुट में यह गंभीर तथ्य सामने आया है कि निवर्तमान पीएफए और प्रशासन के शीर्ष अधिकारी (#CRB) एक ही वर्ग/जातिगत पृष्ठभूमि से संबंध रखते हैं। प्रशासनिक हलकों में चर्चा है कि शीर्ष नेतृत्व इस मामले में अत्यधिक चयनात्मक और संवेदनशील रवैया अपना रहा है। नियमों और स्थापित प्रशासनिक शुचिता को दरकिनार कर एक निश्चित वर्ग के अधिकारियों को निरंतर संरक्षण और मनचाही नियुक्तियां दी जा रही हैं, जिससे सर्व-सामान्य रेल अधिकारियों और कर्मचारियों में भयंकर असंतोष और निराशा व्याप्त है।
मेम्बर फाइनेंस के साथ संदेहास्पद बैठक
इस खोजी रिपोर्ट में एक अत्यंत गंभीर क्रोनोलॉजी सामने आई है। 3 जून 2026 को ईमानदार महिला अधिकारी के स्थानांतरण आदेश जारी होने से ठीक पहले, 27 मई 2026 को पूर्व मध्य रेल के वर्तमान विवादित नियमित पीएफए की रेलवे बोर्ड के मेम्बर फाइनेंस (#MF) के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक होती है। व्हिसलब्लोअर का दावा है कि इसी बैठक के तत्काल बाद इस पूरी स्क्रिप्ट को अंतिम रूप दिया गया। यह बैठक इस बात का पुख्ता संकेत देती है कि पूर्व मध्य रेलवे के वर्तमान पीएफए—जो कदाचारपूर्ण प्रशासनिक और वित्तीय अनियमितताओं के गंभीर आरोपों के घेरे में हैं—ने शीर्ष स्तर पर लॉबिंग करके अपने लिए एक सुरक्षित ‘कवच’ तैयार किया, ताकि वे अपने सेवानिवृत्ति के बचे हुए 8 महीनों को निर्बाध रूप से पूरा कर सकें।
‘पारिवारिक कारणों’ का प्रशासनिक दुरुपयोग और दीर्घकालिक एकाधिकार
यह तथ्य स्थापित हो चुका है कि पूर्व मध्य रेलवे के वर्तमान पीएफए पिछले 20-22 वर्षों से घूम-फिरकर किसी न किसी प्रशासनिक जुगाड़ के माध्यम से पूर्व मध्य रेल में ही जमे हुए हैं। जब कभी उनका तबादला किया जाता है, वे बार-बार ‘पारिवारिक कारणों’ का छद्म हवाला देकर और शीर्ष लॉबिंग का उपयोग कर वापस ईसीआर में ही वापस आ जाते हैं। एक ही जोन में दो दशकों से अधिक समय तक एक ही वित्तीय अधिकारी का बने रहना केंद्रीय सतर्कता आयोग (#CVC) के ‘कंपलसरी रोटेशन’ के सिद्धांत की धज्जियां उड़ाता है। यह स्थिति स्पष्ट करती है कि रेलवे बोर्ड और मेम्बर फाइनेंस की मेहरबानी के कारण लेखा विभाग में नियमों की खुली अवहेलना की जा रही है।
कर्तव्यनिष्ठा की सजा और भ्रष्ट व्यवस्था को प्रोत्साहन
इस पूरे प्रकरण का सबसे स्याह पहलू यह है कि जब पूर्व मध्य रेलवे के निर्माण संगठन के वित्तीय दलदल में कोई भी अधिकारी आने को तैयार नहीं था, तब इस महिला अधिकारी ने इस चुनौतीपूर्ण पद को स्वीकार किया था। उन्होंने वहां आते ही निर्माण संगठन के लेखा विभाग में व्याप्त दीर्घकालिक अनियमितताओं, बोगस बिलों और भ्रष्टाचार के नेटवर्क को ध्वस्त करने की सराहनीय दिशा में ठोस प्रयास शुरू किए। लेकिन जैसे ही उनके प्रयास व्यवस्था को दुरुस्त करने लगे, उन्हें ‘इनाम’ देने के बजाय प्रताड़ित करते हुए समय से पूर्व गोरखपुर में विस्थापित कर दिया गया। रेलवे बोर्ड का यह विरोधाभासी रवैया ये साबित करता है कि वर्तमान में रेल व्यवस्था को सुधारने वाले को प्रताड़ना और अनियमितता में लिप्त अधिकारियों को प्रोत्साहन मिल रहा है।
शीर्ष नेतृत्व की नीति और नीयत में खोट
दोनों आदेशों (E(O)III-2026/TR/166 दिनांक 24.04.2026 और E(O)III-2026/PM/53 दिनांक 03.06.2026) को एक साथ जोड़कर देखने पर यह साफ हो जाता है कि रेलवे के शीर्ष नेतृत्व की नीति और नीयत दोनों में गंभीर खोट है। एक तरफ भ्रष्टाचार के नित-नए कीर्तिमान स्थापित करने वाले और सीबीआई की एफआईआर के बाद भी अपनी ‘सप्लाई चेन’ को फर्जी मेडिकल ग्राउंड्स पर मातहत कर्मचारियों को उनकी मनचाही जगहों पर और अपनी सेवा-सुविधा जारी रखने के अनुसार बहाल करने वाले कदाचारी अधिकारी को ससम्मान सेवानिवृत्त करने की तैयारी की जा रही है; वहीं दूसरी तरफ, पूरी सत्यनिष्ठा के साथ सरकारी राजस्व की रक्षा करने वाली महिला अधिकारी को उनके कार्यकाल के बीच में ही विस्थापित कर उनके परिवार (दिल्ली में कार्यरत पति व बच्चों और पटना में बीमार माता-पिता) को संकट में डाला जा रहा है।
प्रशासनिक शुचिता के दृष्टिकोण से अनुत्तरित प्रश्न
- विकल्प की अनदेखी क्यों?: यदि जून 2026 के आदेश में NER के लिए PFA की इतनी ही तत्परता थी, तो 20-22 साल से एक ही जगह जमे वर्तमान PFA/ECR को हटाकर गोरखपुर क्यों नहीं भेजा गया? और निष्पक्षता की प्रतिमूर्ति रही महिला अधिकारी को ECR का नियमित PFA क्यों नहीं नियुक्त किया जा सकता था?
- 27 मई की बैठक का एजेंडा क्या था?: मेम्बर फाइनेंस, रेलवे बोर्ड और एक गंभीर आरोपों से घिरे PFA/ECR के बीच 27 मई 2026 को हुई बैठक के तुरंत बाद एक ईमानदार अधिकारी का ट्रांसफर ऑर्डर जारी होना क्या मात्र एक संयोग है?
- CVC के नियमों का मखौल क्यों?: क्या रेलवे बोर्ड स्वयं को केंद्रीय सतर्कता आयोग के रोटेशन नियमों से ऊपर समझता है, जो एक ही अधिकारी को दो दशकों से अधिक समय तक एक ही जोन में वित्तीय नियंत्रण सौंपे रखने की छूट दे रहा है?
निष्कर्ष:
यह समेकित विश्लेषण दर्शाता है कि भारतीय रेल का शीर्ष प्रशासनिक ढांचा इस समय भीषण नैतिक पतन के दौर से गुजर रहा है। यदि भारतीय रेल की वित्तीय विंग के पहरेदारों (लेखाधिकारियों) के साथ ही ऐसे ही अन्य विभागों के समर्पित अधिकारियों को ईमानदारी की यह कीमत चुकानी पड़ेगी, तो आने वाले समय में कोई भी रेल अधिकारी भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने का साहस नहीं कर पाएगा। यह विश्लेषण रेलवे की शुचिता, नीतिगत पारदर्शिता और आंतरिक सुशासन की विफलता का एक जीवंत दस्तावेज है।

