यात्रा से वंचित यात्रियों को धन-वापसी में मध्य रेल ने दिखाई तत्परता
मध्य रेल द्वारा लगभग ₹6.00 करोड़ की धनवापसी, 80,000 यात्रियों को मिला रिफंड
पिछले वर्ष की तुलना में यात्रियों की संख्या एवं धनवापसी राशि लगभग दोगुनी
मुंबई: भारी बारिश के चलते 6 जुलाई 2026 को कर्जत–लोणावला रेलखंड के मध्य भूस्खलन के कारण कई रेलगाड़ियाँ निरस्त हुईं, आंशिक रूप से निरस्त की गईं, और आंशिक रूप से प्रारंभ तथा पुनर्निर्धारित की गईं, जिसके परिणामस्वरूप बड़ी संख्या में यात्री अपनी यात्रा से वंचित रह गए। इस परिस्थिति में मध्य रेल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपने सभी मंडलों में यात्रियों को शीघ्र एवं सुगमता से टिकट धनवापसी सुनिश्चित की। यात्री सेवा में मध्य रेल की यह तत्परता सराहनीय है।
सोमवार, 6 जुलाई 2026 को यात्रा बाधित होने के कारण यात्रा न कर पाने वाले 79,747 यात्रियों को मध्य रेलवे द्वारा ₹5.91 करोड़ की धनवापसी की गई। इसी तरह, गत वर्ष इसी दिन अर्थात 6 जुलाई 2025 को 38,687 यात्रियों को ₹3.01 करोड़ की धनवापसी की गई थी। इस प्रकार धनवापसी राशि में ₹2.89 करोड़ तथा 41,060 यात्रियों की वृद्धि दर्ज की गई, जो धनवापसी राशि में 96% तथा धनवापसी प्राप्त करने वाले यात्रियों की संख्या में 106% की वृद्धि को दर्शाता है।
मुंबई मंडल में 6 जुलाई 2026 को 37,330 यात्रियों को ₹2.86 करोड़ की धनवापसी की गई, जबकि गत वर्ष इसी दिन 6 जुलाई 2025 को 17,490 यात्रियों को ₹1.42 करोड़ की धनवापसी की गई थी। इस प्रकार ₹1.44 करोड़ तथा 19,840 यात्रियों की वृद्धि हुई, जो धनवापसी राशि में 101% तथा यात्रियों की संख्या में 113% की वृद्धि को दर्शाती है।
इसी प्रकार पुणे मंडल में 6 जुलाई 2026 को 20,982 यात्रियों को ₹1.56 करोड़ की धनवापसी की गई, जबकि गत वर्ष इसी दिन 9,689 यात्रियों को ₹74.46 लाख की धनवापसी की गई थी। इस प्रकार ₹81.82 लाख तथा 11,293 यात्रियों की वृद्धि दर्ज की गई, जो धनवापसी राशि में 109% तथा यात्रियों की संख्या में 116% की वृद्धि को दर्शाती है।
इस अवधि के दौरान मध्य रेल ने स्टेशनों पर अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती की तथा यात्रियों के अनुरोधों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए विशेष सहायता काउंटर स्थापित किए। बढ़ी हुई संख्या के बावजूद यात्रियों की असुविधा को न्यूनतम रखने तथा देय धनराशि का समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया गया।
मध्य रेलवे द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है रेल मार्ग को शीघ्र बहाल करने का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। यात्रियों से अनुरोध है कि यात्रा प्रारंभ करने से पूर्व अपनी रेलगाड़ी की वर्तमान स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें। किसी भी प्रकार की सहायता के लिए वे रेलवे हेल्पलाइन से संपर्क करें अथवा निकटतम रेलवे स्टेशन पर जानकारी प्राप्त करें।

