आरओबी/आरयूबी बनाकर समाप्त किए जा रहे हैं समपार
गोरखपुर ब्यूरो: भारतीय रेल पर संरक्षा कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर किए जा रहे है। ट्रेनों के निर्बाध संचालन एवं सड़क संरक्षा को ध्यान में रखकर समपारों को चरणबद्ध रूप में रोड ओवर ब्रिज (#आरओबी) एवं रोड अंडर ब्रिज (#आरयूबी) बनाकर समाप्त किया जा रहा है।
इसी क्रम में, महाप्रबन्धक, पूर्वोत्तर रेलवे उदय बोरवणकर द्वारा सड़क संरक्षा कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग एवं मार्गदर्शन के फलस्वरूप पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल के कच्छवा रोड स्टेशन यार्ड में समपार संख्या 20 ‘स्पेशल‘ पर निर्माणाधीन आरओबी का कार्य निर्धारित समयावधि से चार माह पूर्व पूरा कर लिया गया है।
इस आरओबी का निर्माण होने से वाराणसी से मिर्ज़ापुर, चुनार, विन्ध्याचल के लिए एक अतिरिक्त कनेक्टिविटी उपलब्ध हो गई है तथा यात्रा दूरी में कमी आई है। समपारों पर दुर्घटनाएँ कम होने से सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित हुई है।
इसके अतिरिक्त सड़क संरक्षा कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग के फलस्वरूप वाराणसी मंडल के ही कादीपुर एवं सारनाथ स्टेशनों के मध्य समपार संख्या 12 पर निर्माणाधीन रोड ओवर ब्रिज का कार्य पूरा कर लिया गया है। इस परियोजना के अन्तर्गत 60 मीटर लम्बे बो-स्ट्रिंग गर्डर का कार्य पूर्वोत्तर रेलवे द्वारा तथा दोनों तरफ अप्रोच रोड का कार्य उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम लिमिटेड द्वारा किया गया है।
इस ब्रिज का निर्माण हो जाने से वाराणसी जनपद के चौबेपुर एवं बाबतपुर क्षेत्र के मध्य कनेक्टिविटी सुदृढ़ हुई है तथा ट्रेन आगमन के समय समपार पर लगने वाले जाम से सड़क वाहन उपयोगकर्ताओं को काफी राहत हुई है।
पूर्वोत्तर रेलवे पर इन्फ्रास्ट्रक्चर सुदृढ़ीकरण
गोरखपुर: पूर्वोत्तर रेलवे पर इन्फ्रास्ट्रक्चर सुदृढ़ीकरण का कार्य तीव्र गति से चल रहा है। इसी क्रम में, नकहा जंगल गुड्स शेड, गोरखपुर के गुड्स प्लेटफॉर्म संख्या-9 के नवीनीकरण एवं निर्माण का कार्य पूरा कर कमीशन कर दिया गया है। इस प्लेटफॉर्म की लम्बाई को 690 मीटर से बढ़ाकर 750 मीटर तथा चौड़ाई 20 मीटर की गई है। नकहा जंगल गुड्स शेड के प्लेटफॉर्म का निर्माण हेवी लोडेड ट्रकों के अनुरूप तैयार किया गया है, ताकि सतह में किसी भी प्रकार की क्षति न हो। इससे माल के लोडिंग एवं अनलोडिंग में तेजी आयेगी।

