पुणताम्बा-साईनगर शिरडी रेल लाइन के दोहरीकरण को मिली स्वीकृति

नई दिल्ली: रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने ₹239.80 करोड़ की लागत से मध्य रेलवे के अंतर्गत 16.50 किमी लंबी पुणताम्बा-साईनगर शिरडी रेल लाइन के दोहरीकरण को स्वीकृति प्रदान कर दी है।

यह परियोजना क्षमता वृद्धि के लिए मल्टी-ट्रैकिंग के 2024-25 अम्ब्रेला कार्य का हिस्सा है। परियोजना क्षेत्र के आसपास, अहमदनगर, पुणताम्बा, शिरडी और नासिक रोड के माध्यम से पुणे-नासिक नई कनेक्टिविटी के लिए अंतिम स्थान सर्वेक्षण भी प्रगति पर है और यह मार्ग एक नए गलियारे के रूप में कार्य करेगा और दो महत्वपूर्ण धार्मिक स्थलों के बीच रेल संपर्क को बढ़ाएगा।

दोहरीकरण कार्य से पुणताम्बा-साईनगर शिरडी खंड की लाइन क्षमता में वृद्धि होगी, जिसका वर्तमान में 19.66% उपयोग हो रहा है और निकट भविष्य में दोहरीकरण के बिना इसके 79.70% तक बढ़ने की उम्मीद है।

Advertisements

पुणताम्बा और साईनगर शिरडी पहले से ही रेलमार्ग से जुड़े हुए हैं और इस मार्ग पर कई ट्रेनें चलती हैं। यह परियोजना साईनगर शिरडी तक रेल संपर्क को सुगम बनाएगी और शिरडी आने वाले लोगों के लिए एक वरदान साबित होगी।

इस परियोजना के पूरा होने से नियमित यात्रियों, छात्रों, व्यापारियों और किसानों को भी लाभ होगा। इससे कृषि उत्पादों आदि की बाज़ारों तक आवाजाही भी सुगम होगी और क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा।