स्टेशन मास्टर को बांधकर झाड़ियों में फेंका
लखनऊ: कल गुरुवार, 17 जुलाई को पूर्वोत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल के चौकाघाट स्टेशन से एक अचंभित कर देने वाली घटना सामने आई है। वहां तैनात स्टेशन मास्टर को अज्ञात असामाजिक तत्वों ने स्टेशन मास्टर ऑफिस की पीछे की झाड़ियों में रस्सी से बांधकर फेंक दिया था। किसी को भी इस घटना की जानकारी नहीं थी, क्योंकि घटना के समय चौकाघाट स्टेशन पर स्टेशन मास्टर के साथ कोई सहायक उपस्थित नहीं था।
जिस समय इस घटना की जानकारी मिली, स्टेशन मास्टर होश में नहीं थे — और अब तक भी उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। यह कितना बड़ा संयोग और दुर्भाग्य था कि चौकाघाट स्टेशन पर उस समय कोई पॉइंट्समैन मौजूद नहीं था, जिसके कारण यह घटना कई घंटों तक किसी की संज्ञान में नहीं आ सकी।
इस घटना का सबसे भयानक प्रभाव रेल परिचालन पर पड़ा। मेन लाइन पर करीब दो घंटे तक गाड़ियों की आवाजाही पूरी तरह से ठप रही।
किसी को समझ नहीं आ रहा था कि आखिर चौकाघाट स्टेशन से लाइन क्लियर क्यों नहीं मिल रही? तब घाघराघाट स्टेशन से एक पॉइंट्समैन भेजा गया, जिसने चौकाघाट स्टेशन पर पहुंचकर और स्टेशन मास्टर को बेहोशी की स्थिति में झाड़ियों से निकालकर इसकी जानकारी रेल प्रशासन को दी।
जैसे ही इस घटना की जानकारी रेल प्रशासन तक पहुंची, हर किसी का दिल कांप गया कि एक जिम्मेदार कर्मचारी, जो हजारों रेलयात्रियों की सुरक्षा का प्रहरी है, उसके साथ इस तरह की निर्ममता कैसे हो सकती है!
इस घटना ने न केवल रेल प्रशासन को झकझोर दिया है, बल्कि यह प्रश्न भी खड़ा कर दिया है कि स्टेशन मास्टर्स, जो दिन-रात सुरक्षित रेल संचालन में डटे रहते हैं, क्या स्वयं सुरक्षित हैं?
“रेल समाचार” प्रभावित स्टेशन मास्टर के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता है और रेल प्रशासन से आग्रह करता है कि ऐसी घटनाओं से स्टेशन मास्टरों सहित स्टेशनों पर कार्यरत सभी रेलकर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।

