October 16, 2024

पर्यावरण संरक्षण करना है तो हम सभी प्लास्टिक का उपयोग कम करें! -डीआरएम

स्वच्छता पखवाड़े के तहत चलाया गया एकल उपयोग प्लास्टिक निषेध अभियान

झाँसी: भारतीय रेल द्वारा चलाए जा रहे राष्ट्रव्यापी स्वच्छता पखवाड़े के अंतिम चरण में सोमवार, 14.10.2024 को “एकल उपयोग प्लास्टिक निषेध दिवस” के रुप में मनाया गया।

इसके तहत वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, ग्वालियर, डबरा, बांदा, चित्रकूट धाम कर्वी, मुरैना, ललितपुर आदि स्टेशनों पर एकल उपयोग प्लास्टिक के उपयोग को रोकने के लिए अभिमान चलाया गया।

इस दौरान रेलवे स्टेशन पर विभिन्न विभागों के कर्मचारियों और यात्रियों को एकल उपयोग प्लास्टिक से पर्यावरण को होने वाले नुकसान के बारे में बताया गया।

एकल उपयोग प्लास्टिक मुक्त अभियान के तहत स्टेशन पर लगाए गए प्लास्टिक बोतल क्रशिंग मशीनों के रखरखाव की समीक्षा की गई। इस दौरान यात्रियों को प्लास्टिक बोतल क्रशिंग मशीन की कार्य प्रणाली के बारे में समझाया गया।

विभिन्न स्टेशन पर स्टेशन डायरेक्टर द्वारा यात्रियों को प्लास्टिक की बोतलों को कूड़ेदान में फेंकने की बजाय क्रशिंग मशीन में डालने के लिए प्रोत्साहित किया गया। एकल उपयोग प्लास्टिक के स्वास्थ्य और पर्यावरण पर होने वाले नुकसान के बारे में यात्रियों को बताया गया।

मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार सिन्हा ने कहा कि पर्यावरण तेजी से बदल रहा है। पर्यावरण के खराब होने में एकल उपयोग प्लास्टिक का बड़ा योगदान है। यह हम सबकी जिम्मेदारी है कि हम प्लास्टिक के उपयोग में कमी लाएं।

उन्होंने बताया कि मंडल के सभी रेलवे स्टेशनों पर प्लास्टिक के न्यूनतम उपयोग के निर्देश दिए गए हैं। सभी कर्मचारियों और यात्रियों को 3R (रिड्यूस, रियूज, रिसाइकिल) के बारे में भी जागरुक किया जा रहा है।