March 17, 2024

रेल राजस्व में ₹17 हजार करोड़ की वृद्धि, एक साल में 648 करोड़ यात्रियों ने की रेलयात्रा

पिछले साल की तुलना में चालू वित्त वर्ष में कमाई, यात्री संख्या और नए ट्रैक, सभी गतिविधियों पर रिकॉर्ड प्रगति

#भारतीयरेल ने इस साल कई नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। राजस्व आय के मामले में पिछले साल की तुलना में ₹17 हजार करोड़ की वृद्धि दर्ज की गई है। 15 मार्च तक के जारी आंकड़ों के अनुसार इस साल अब तक 648 करोड़ यात्रियों ने रेलयात्रा की है। पिछले साल की तुलना में यह संख्या 52 करोड़ अधिक है।

#भारतीय रेल ने माल ढुलाई में अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है। रेलवे ने राजस्व अर्जन और नई रेल लाइन बिछाने के मामले में भी नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। शुक्रवार, 15 मार्च 2024 को रेल मंत्रालय ने कहा, “रेलवे वित्तीय वर्ष 2023-24 में माल लदान, समग्र राजस्व संग्रह और ट्रैक बिछाने के मामले में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दर्ज करने की ओर अग्रसर है।”

#रेलमंत्रालय के प्रारंभिक आंकड़ों के अनुसार 15 मार्च, 2024 को रेलवे ने 1500 मीट्रिक टन की मूल माल ढुलाई लक्ष्य को पार कर लिया है। वित्त वर्ष 2022-23 के दौरान 1512 मीट्रिक टन माल ढुलाई हुई। यह अब तक की सबसे अच्छी माल ढुलाई थी।

15 मार्च तक के जारी आंकड़ों के अनुसार वित्त वर्ष 2023-24 के दौरान भारतीय रेल का कुल राजस्व ₹2.40 लाख करोड़ रहा। जबकि पिछले साल 15 मार्च को, कुल राजस्व ₹2.23 लाख करोड़ दर्ज हुआ था। यानि एक साल में ₹17,000 करोड़ की वृद्धि दर्ज की गई है।

वित्त वर्ष 2023-24 के दौरान रेल से यात्रा करने वाले यात्रियों की कुल संख्या 648 करोड़ रही। पिछले वर्ष की समान अवधि में यात्रियों की कुल संख्या 596 करोड़ थी। यानि आंकड़ों की तुलना में 52 करोड़ अधिक यात्रियों ने यात्रा करने के लिए भारतीय रेल को चुना।

नई रेल लाइन बिछाने के मामले में भी रेलवे ने नया रिकॉर्ड बनाया है। रेल मंत्रालय ने अनुसार, “चालू वित्तीय वर्ष में 15 मार्च तक भारतीय रेल ने 5,100 किमी नई पटरियां बिछाने में सफलता पाई। आंकड़ों की तुलना से पता चलता है कि चालू वित्तीय वर्ष में प्रतिदिन ट्रैक बिछाने का औसत 14 किमी से अधिक रहा।”