March 10, 2023

झांसी मंडल: नए माल गोदाम सांक से माल लदान शुरू

प्रयागराज ब्यूरो: उत्तर मध्य रेलवे, झांसी मंडल के सांक स्टेशन को माल यातायात के लिए खोल दिया गया है। सांक माल गोदाम में 4 मार्च 2023 को पहला रेक लोड किया गया, जिसमें सांक से दर्शना (#बांग्लादेश) के लिए खली (#DOC) लोड की गई, जिसमें लोडिंग पार्टी द्वारा निर्धारित समय 9 घंटे के अन्दर ही पहला रेक लोड कर दिया गया।

इस पहले 42 बीसीएन वैगन के रेक से कुल ₹62,11,766 का राजस्व अर्जित किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शशिकांत त्रिपाठी एवं वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक अखिल शुक्ल द्वारा संबंधित कर्मचारियों को उक्त उपलब्धि हेतु बधाई देकर उत्साहवर्धन किया गया।

सीनियर डीसीएम श्री त्रिपाठी ने कहा कि मंडल की यह उपलब्धि इस संदर्भ में और अधिक उल्लेखनीय हो जाती है कि इस मंडल में माल लदान में मुख्यतः योगदान करने वाले प्राकृतिक संसाधन जैसे कोयला या लौह अयस्क आदि नहीं पाए जाते हैं, फिर भी मंडल द्वारा निरंतर अच्छा प्रदर्शन किया जा रहा है।