December 19, 2022

झांसी मंडल: पेंशन अदालत का आयोजन

पेंशन अदालत में 61 प्रकरणों में से 54 का निस्तारण हुआ तथा सेवानिवृत कर्मचारियों को कुल ₹2325144/- का भुगतान किया गया

प्रयागराज ब्यूरो: दि. 15.12.2022 को सीनियर रेलवे इंस्टीटयूट, झांसी में वर्ष 2022 की द्वितीय पेंशन अदालत का आयोजन अपर मंडल रेल प्रबंधक / इन्फ्रा विवेक मिश्र की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ।

इस अवसर पर  वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी ब्रिजेश चतुर्वेदी ने उपस्थित सभी अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए पेंशन अदालत में निस्तारण किए गए प्रकरणों के बारे में प्रकाश डाला और पेंशनरों को उचित सुझाव भी दिए।

अपर मंडल रेल प्रबंधक ने पेंशनरों की भुगतान से सम्बन्धित समस्याओं को तत्परता से निपटाने पर जोर दिया। उन्होंने पेंशन अदालत से लाभ लेने हेतु सेवानिवृत्त कर्मचारियों को प्रेरित किया।

इस पेंशन अदालत में 61 प्रकरणों में से 54 का निस्तारण किया गया तथा सेवानिवृत कर्मचारियों को कुल ₹2325144/- का भुगतान कर्मचारियों के लम्बित प्रकरणों में किया गया। अन्य प्रकरणों में कार्यवाही चल रही है जो कि शीघ्र निस्तारित कर दी जाएगी।

इस दौरान वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक संतोष कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर सेवानिवृत कर्मचारियों हेतु उम्मीद कार्ड सहायता शिविर का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन सुरेन्द्र श्रीवास मुख्य कर्मचारी एवं कल्याण निरीक्षक द्वारा किया गया।