December 12, 2022

ब्रांच लाइनों की सेक्शनल स्पीड में वृद्धि

प्रयागराज ब्यूरो: झांसी मंडल अवसंरचनात्मक विकास कार्यों में निरंतरता बनाए रखे हुए है, जिसके फलस्वरूप मंडल द्वारा अपनी सभी ब्रांच लाइनों रेलखंडों की क्षमता को ध्यान में रखते हुए पर रेल संचालन गति बढ़ाते हुए 110 किमी प्रति घंटा कर दी है। इसमें मंडल के ललितपुर-खजुराहो 164.25 किमी रेलखंड की वर्तमान गति 100 किमी प्रति घंटा को बढ़ाकर 110 किमी प्रति घंटा कर दिया गया है।

इसी क्रम में बिरलानगर-सोनी 55.49 किमी रेलखंड की गति को 90 किमी प्रतिघंटा से बढ़ाकर 110 किमी प्रति घंटा, सोनी-भिंड 23.59 किमी रेलखंड की गति बढ़ाकर 75 किमी प्रति घंटा से 110 कर दिया गया है तथा भिंड-उदिमोर 23.77 किमी रेलखंड पर गति को 100 किमी प्रति घंटा से 110 किमी प्रति घंटा कर दिया गया है।

उल्लेखनीय है कि मंडल के प्रमुख और सबसे व्यस्ततम धौलपुर-बीना रेलखंड पर धौलपुर-ललितपुर खंड लगभग 253 किमी रेलखंड पर सेक्शनल गति को 130 किमी प्रति घंटा तथा इसी खंड के ललितपुर-बीना 62 किमी रेलखंड पर सेक्शनल 120 किमी प्रति घंटा है, जिसको अब और बढ़ाए जाने हेतु मंडल प्रयासरत है।

मंडल रेल प्रबंधक आशुतोष के मार्गदर्शन में लगातार किए जा रहे विकास कार्यों के चलते सभी रेलखंड की गति में बढ़ोतरी की जा रही है, जिससे समय-पालन तथा रेलों के आवागमन में सुगमता आएगी।

झांसी मंडल सहित पूरा उत्तर मध्य रेलवे 100 प्रतिशत विद्युतिकृत हो गया है, इसी क्रम में 05.11.22 को आवश्यकतानुसार सांक स्टेशन पर भी नया ट्रैक्शन सब स्टेशन (टीएसएस) स्थापित किया गया है।