November 2, 2022

संरक्षित रेल संचालन हेतु सिग्नल लोकेशन पुस्तिका का विमोचन

प्रयागराज ब्यूरो: मंडल रेल प्रबंधक झांसी आशुतोष द्वारा मंगलवार, 1 नवंबर 2022 को रनिंग स्टाफ के लिए सिग्नल लोकेशन पुस्तिका का विमोचन किया गया। उक्त पुस्तक का उद्देश्य कोहरे के मौसम में संरक्षित रेल संचालन हेतु लोको पायलट को पुस्तक के माध्यम से सिग्नल लोकेट करने में सुविधा प्रदान कराना है।

यह पुस्तिका कोहरे के मौसम में दृश्यता बाधित होने की स्थिति में लोको पायलट्स को सिग्नल आने के पहले ही, सिग्नल पोस्ट के लोकेशन की सटीक जानकारी प्रदान करती है जिससे कोहरा होने के बावजूद भी लोको पायलट को सिग्नल आने का करीबी अंदाजा लग जाता है।

पुस्तक में खम्बा संख्या के साथ-साथ किलोमीटर संख्या आदि महत्वपूर्ण जानकारी इंगित होती है। तदनुसार सिग्नल की लोकेशन स्पष्ट हो जाती है, जिसकी मदद से लोको पायलट गाड़ी की गति भी नियंत्रित कर लेता है।

पुस्तक विमोचन के अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) अतुल कनौजिया, अपर मंडल रेल प्रबंधक (इंफ्रा) विवेक मिश्र, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी बी के चतुर्वेदी, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (परिचालन) अशोक प्रिय गौतम आदि उपस्थित रहे।

फोटो परिचय: संरक्षित रेल संचालन हेतु सिग्नल लोकेशन पुस्तक का विमोचन करते डीआरएम/झांसी आशुतोष एवं अन्य अधिकारीगण।

#Signal_Location_Book #Locopilot #DRMJhs #NorthCentralRailway