October 14, 2022

प्रधानमंत्री ने हिमाचल प्रदेश के ऊना से नई दिल्ली के लिए दिखाई नई वंदेभारत एक्स. को हरी झंडी

नई दिल्ली (पीआईबी): प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार, 13 अक्टूबर, 2022 को हिमाचल प्रदेश के अम्ब अंदौरा (ऊना) से नई दिल्ली के लिए नई वंदेभारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ट्रेन नं. 22447/48 अम्ब अंदौरा (ऊना) से नई दिल्ली वंदेभारत एक्सप्रेस का नियमित संचलन 19 अक्टूबर, 2022 से प्रारम्भ होगा। यह गाड़ी शुक्रवार को छोड़कर सप्ताह में छः दिन चलाई जाएगी।

प्रधानमंत्री ने वंदेभारत एक्सप्रेस ट्रेन के कोचों का निरीक्षण भी किया और कोच में उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। पीएम श्री मोदी ने वंदेभारत एक्सप्रेस के लोकोमोटिव के कंट्रोल सेंटर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने ऊना रेलवे स्टेशन का भी निरीक्षण किया।

इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव और सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर उपस्थित थे।

इस ट्रेन के शुरू होने से इस क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने और यात्रा का एक आरामदायक और तेज साधन मुहैया कराने में मदद मिलेगी। ऊना से नई दिल्ली के लिए यात्रा का समय इससे दो घंटे कम हो जाएगा।

अम्ब अंदौरा से नई दिल्ली के लिए चलने वाली, देश में शुरू की गई ये चौथी वंदेभारत ट्रेन है और इसके पिछले वर्जंस की तुलना में यह एक उन्नत संस्करण है, जो हल्का है और कम समय में तेज गति तक पहुंचने में सक्षम है।

वंदेभारत 2.0 ज्यादा उन्नत चीजों और बेहतर सुविधाओं से युक्त है। जैसे कि ये 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की गति महज 52 सेकेंड में पकड़ लेती है। इसकी अधिकतम गति 180 किलोमीटर प्रति घंटे की है।

430 टन के पिछले संस्करण की तुलना में इस उन्नत वंदेभारत एक्सप्रेस का वजन 392 टन होगा। इसमें वाई-फाई कंटेंट ऑन डिमांड की सुविधा भी होगी। यात्री सूचना और इंफोटेनमेंट के लिए पिछले संस्करण में जहां 24 इंच की स्क्रीन थीं, वहीं नई ट्रेन के हर डिब्बे में 32 इंच की स्कीन हैं।

यह वंदेभारत एक्सप्रेस पर्यावरण अनुकूल भी होगी, क्योंकि इसके वातानुकूलन 15 प्रतिशत ज्यादा ऊर्जा कुशल होंगे। ट्रैक्शन मोटर की धूल रहित स्वच्छ एयर कूलिंग से यात्रा ज्यादा आरामदायक हो जाएगी।

पहले केवल एग्जीक्यूटिव क्लास के यात्रियों को ही साइड रिक्लाइनर सीट की सुविधा दी जाती थी, जो इस ट्रेन में सभी वर्गों के लिए उपलब्ध कराई जाएगी।

एग्जीक्यूटिव कोच में 180 डिग्री घूमने वाली सीटों की अतिरिक्त सुविधा है।

वंदेभारत एक्सप्रेस के नए डिजाइन में वायु शोधन के लिए रूफ-माउंटेड पैकेज यूनिट (आरएमपीयू) में एक फोटो-कैटेलिटिक अल्ट्रा वायलेट वायु शोधन प्रणाली स्थापित की गई है। सेंट्रल साइंटिफिक इंस्ट्रूमेंट्स ऑर्गनाइजेशन (सीएसआईओ), चंडीगढ़ के सुझाव अनुसार इस सिस्टम को आरएमपीयू के दोनों सिरों पर डिजाइन और स्थापित किया गया है, ताकि ताजी हवा और वापसी की हवा में से आ रहे कीटाणुओं, बैक्टीरिया, वायरस आदि से हवा को फिल्टर और साफ किया जा सके।

वंदेभारत एक्सप्रेस 2.0 बहुत बेहतरीन और विमान जैसी यात्रा का अनुभव प्रदान करती है। ये ट्रेन उन्नत अत्याधुनिक सुरक्षा सुविधाओं से युक्त है, जिसमें स्वदेशी रूप से विकसित ट्रेन टक्कर बचाव प्रणाली – ‘कवच’ भी शामिल है।