झांसी मंडल द्वारा प्रथम तिमाही में 52.21% अधिक राजस्व अर्जन

झांसी मंडल द्वारा आय के सभी स्रोतों से प्रथम तिमाही में ₹437.84 करोड़ का राजस्व अर्जित किया गया, जो कि गत वर्ष में अर्जित ₹287.65 करोड़ से 52.21% अधिक है

प्रयागराज ब्यूरो: मंडल रेल प्रबंधक/झांसी आशुतोष द्वारा वर्तमान वित्तीय वर्ष कि प्रथम तिमाही के अंतर्गत किए गए प्रमुख कार्य तथा उपलब्धियों का संक्षिप्त विवरण दिया गया। उन्होंने बताया कि वर्तमान वित्तीय वर्ष की प्रथम तिमाही अप्रैल से जून तक की अवधि में झांसी मंडल द्वारा उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सर्वाधिक लोडिंग का रिकॉर्ड दर्ज किया, जो कि अब तक किसी भी तिमाही का सर्वश्रेष्ट प्रदर्शन रहा।

उन्होंने कहा कि इसमें झांसी मंडल द्वारा 2.31 मिलियन टन माल लदान करते हुए ₹228.06 करोड़ का राजस्व अर्जित किया, जो कि पिछले वर्ष कि तुलना में लगभग 20 प्रतिशत अधिक है। इसके अतिरिक्त मंडल द्वारा टिकट चेकिंग में भी अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए प्रथम तिमाही में ₹13.07 करोड़ का राजस्व अर्जित किया है जो कि वर्ष 2019-20 में अर्जित ₹8.55 करोड़ से लगभग 53% अधिक है। यह राजस्व 193709 दर्ज प्रकरण से प्राप्त हुआ है।

उल्लेखनीय है कि झांसी मंडल द्वारा आय के सभी स्रोतों से प्रथम तिमाही में ₹437.84 करोड़ का राजस्व अर्जित किया गया, जो कि गत वर्ष में अर्जित ₹287.65 करोड़ से 52.21% अधिक है।

मंडल रेल प्रबंधक के अनुसार झांसी मंडल द्वारा पिछले तीन माह में किए गए प्रमुख कार्य

• अलार्म चैन पुलिंग से गाड़ियों का समय पालन प्रभावित होता है। इस संबंध में झांसी मंडल से गुजरने वाली सभी गाड़ियों की मॉनिटरिंग की गई तथा अपर्याप्त कारण से चैन पुलिंग करने से संबंधित 341 प्रकरणों से ₹2.07 लाख का रेल राजस्व वसूला गया।

• लम्बे समय से प्रतीक्षित चिरुला स्टेशन पर दो दिन 28/29 जून में फुट ओवरब्रिज (एफओबी) पर गर्डर लांच का कार्य पूर्ण कर लिया गया।

• दि. 19.06.2022 को झाँसी स्टेशन पर प्लेटफार्म सं 4/5 पर लिफ्ट एवं स्टेशन पर एकीकृत जन सूचना प्रणाली का लोकार्पण सांसद झांसी अनुराग शर्मा के हाथों संपन्न हुआ।

• दि. 24.06.2022 को रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव द्वारा वाणिज्यिक आय अनुबंधों के लिए ई-नीलामी के अखिल भारतीय शुभारंभ के बाद, झांसी मंडल द्वारा बड़ी शुरुआत करते हुए 34 आय स्रोतों को सार्वजनिक डोमेन में ई-नीलामी हेतु खोला गया।

• दि. 13.06.2022 को रेल भवन, नई दिल्ली में रेलवे के लिए स्टार्टअप लॉंच किया गया। राष्ट्रीय ट्रांसपोर्टर भारतीय रेल ने स्टार्टअप से बाहरी संस्थाओं की भागीदारी के माध्यम से नवाचार के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल की है।

• ‘एक स्टेशन-एक उत्पाद’ के माध्यम से लघु उद्योगों, उद्यमियों के प्रोत्साहन हेतु, एक स्टेशन एक उत्पाद योजना के माध्यम से 5 स्टाल आबंटित किए गए हैं।

• दि. 02.05.22 को खजुराहो‌ स्टेशन से खजुराहो टीकमगढ़ के मध्य प्रारंभ की गई नई‌ रेल सेवा के रूप में गाड़ी सं. 04119 अनारक्षित स्पेशल का शुभारंभ, टीकमगढ़ स्टेशन से नई रेल सेवा गाड़ी सं. 04120,‌ दैनिक अनारक्षित स्पेशल का खजुराहो के लिए शुभारंभ किया गया।

• दि. 6 मई 2022 को उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक प्रमोद कुमार ने झांसी मंडल परिक्षेत्र के सांसदों के साथ बैठक में सुझाव प्राप्त किए।

• मई 2022 में ललितपुर-बिजरौठा रेलखंड (29.5 किमी) पर तीसरी लाइन का निर्माण कार्य पूरा कर, संचालन हेतु खोला गया।

• मई में ही झांसी स्टेशन पर प्लेटफार्म क्रमांक 4/5 पर लिफ्ट का संस्थापन कार्य पूर्ण किया गया।

• दि. 18 मई 2022 को रेलमंत्री की उद्घोषणा के बाद मात्र एक माह में खजुराहो स्टेशन पर 350 मीटर का नवनिर्मित हाफ रेक पॉइंट तैयार कर स्थानीय व्यापारियों हेतु खोल दिया गया।

• अप्रैल 2022 में मंडल रेल चिकित्सालय तथा इलेक्ट्रिक लोको शेड पर 331 मेगा वाट क्षमता के सोलर पेनल का संस्थापन कार्य पूरा किया गया।

• अप्रैल 2022 में ग्वालियर-बानमोर रेलखंड (19 किमी) पर तीसरी लाइन का निर्माण कार्य पूरा कर, संचालन हेतु खोला गया।

• झांसी स्टेशन पर आरओएमटी मॉडल के अंतर्गत वीआईपी वेटिंग रूम हेतु 5 वर्ष हेतु ठेका आबंटित किया गया, जिससे मंडल को आगामी 5 वर्ष में 2 करोड़ से अधिक राजस्व प्राप्त हो सकेगा।

• झांसी मंडल द्वारा इस तिमाही में जन शिकायतों के निस्तारण समय में भी कमी आई है। मंडल को प्राप्त शिकायतों का औसत निस्तारण समय पिछले वर्ष की तुलना में घटकर 47 मिनट रह गया है।

इस अवसर पर डीआरएम झांसी मंडल आशुतोष के साथ अपर मंडल रेल प्रबंधक (इंफ्रा) विवेक मिश्र तथा वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक नवीन दीक्षित उपस्थित थे।