June 16, 2022

नवगठित डीआरयूसीसी की प्रथम बैठक संपन्न

वोटिंग में मिले सबसे ज्यादा मतों के आधार पर झांसी मंडल से प्रदीप तिवारी को जेडआरयूसीसी, उत्तर मध्य रेलवे का सदस्य चुना गया

प्रयागराज ब्यूरो: मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, झांसी में मंगलवार, 14.06.22 को नवगठित मंडल रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति (डीआरयूसीसी) वर्ष 2022-23 की प्रथम बैठक मंडल रेल प्रबंधक आशुतोष की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक की शुरुआत समिति के सचिव, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक नवीन दीक्षित के संबोधन के साथ हुई। श्री दीक्षित ने मंडल रेल प्रबंधक आशुतोष सहित समिति के उपस्थित सभी सदस्यों एवं रेल अधिकारियों का स्वागत किया।

बैठक के अध्यक्ष आशुतोष, मंडल रेल प्रबंधक ने अपने संबोधन में कहा कि झांसी मंडल उत्तर मध्य रेलवे का सबसे बड़ा और महत्वपूर्ण मंडल है। यह मंडल देश के उत्तरी भाग को दक्षिणी भाग एवं पूर्वी भाग को पश्चिमी भाग से जोड़कर रेलों के पारगमन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

उन्होंने मंडल में उपलब्घ यात्री सुविधाओं के बारे में विस्तार से नवीनतम् जानकारी दी तथा निकट भविष्य में झांसी स्टेशन सहित अन्य स्टेशनों के सौन्दर्यीकरण, आधुनिकीकरण आदि से संबंधित जानकारी भी समिति के सदस्यों को मुहैया कराई।

इसके पश्चात वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक नवीन दीक्षित ने पॉवर पॉइंट प्रजेंटेशन के माध्यम से मंडल की उपलब्धियों एवं यात्री सुविधाओं का विस्तार से समीति के समक्ष प्रस्तुत किया। तत्पश्चात मंडल रेल प्रबंधक ने सदस्यों से सुझाव प्रस्तुत करने का आग्रह किया।

बैठक में समिति के कुल 13 में से 12 सदस्य उपस्थित रहे। उपस्थित सदस्यों में प्रदीप तिवारी, प्रदीप कुमार गर्ग, भागीरथ नगाइच, हबीब खान, राजनारायण सिंह, श्रवण कुमार गुप्ता, राकेश कुमार पाल, नीलकमल माहेश्वरी, हरी मोहन बंसल, देवेश तिवारी, अमित बुधौलिया तथा हिर्देश तिवारी उपस्थित थे। सभी उपस्थित सदस्यों द्वारा यात्री सुविधाओं में विकास संबंधी अपने परामर्श मंडल प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत किए।

समिति के अध्यक्ष मंडल रेल प्रबंधक द्वारा उक्त सभी सुझावों को यथासंभाव पूरा करने का आश्वासन दिया गया। इस दौरान नवीन दीक्षित वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (समिति के सचिव), डॉ. रबिन्द्र प्रसाद मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, शशिकांत त्रिपाठी वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबन्धक, अखिल शुक्ल वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (द्वितीय), अमित गोयल वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार अभियंता (समन्वय), राहुल शुक्ला वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (सी एंड डब्ल्यू), रघुनाथ सिंह वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (सामान्य), आलोक कुमार मंडल सुरक्षा आयुक्त आदि उपस्थित रहे।

बैठक में वोटिंग द्वारा एक सदस्य जेडआरयूसीसी, उत्तर मध्य रेलवे के चयन की प्रक्रिया आयोजित की गई। इसके अंतर्गत सभी 12 सदस्यों द्वारा वोटिंग के माध्यम से अपना मत दिया गया, जिसमें प्रदीप तिवारी को वोटिंग में मिले सबसे ज्यादा मतों के आधार पर जेडआरयूसीसी, उत्तर मध्य रेलवे हेतु झांसी मंडल से सदस्य चुना गया।

बैठक के समापन पर नवीन दीक्षित वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक द्वारा सभी सदस्यों एवं उपस्थित अधिकारियों का आभार व्यक्त किया गया।

#DRUCC_JhansiDivn #ZRUCC_NCR