April 29, 2022

पूर्वोत्तर रेलवे मुख्यालय राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक संपन्न

गोरखपुर ब्यूरो: पूर्वोत्तर रेलवे मुख्यालय राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक का आयोजन मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं प्रमुख मुख्य इंजीनियर चंद्र प्रकाश गुप्ता की अध्यक्षता में 28 फरवरी, 2022 को प्रमुख मुख्य इंजीनियर कार्यालय के सभाकक्ष में किया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं प्रमुख मुख्य इंजीनियर चंद्र प्रकाश गुप्ता ने कहा कि पूर्वोत्तर रेलवे में राजभाषा का प्रयोग कार्यालयीन कार्यों में व्यापक रूप से किया जा रहा है। यह रेलवे हिन्दी के प्रयोग-प्रसार की दिशा में अग्रणी है। उन्होंने कहा कि विभागों के उप मुख्य राजभाषा अधिकारी/हिन्दी संपर्क अधिकारी अपने विभागों में नियमित रूप से राजभाषा के प्रयोग पर नजर रखें।

उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी अपने विभागीय निरीक्षणों में राजभाषा की प्रगति का भी निरीक्षण करें और उसकी रिपोर्ट की प्रति राजभाषा विभाग को भी दें। सभी रेलकर्मी ई-आफिस में अधिक से अधिक हिन्दी में कार्य करें।

मुख्य राजभाषा अधिकारी ने कहा कि हमें यह निरन्ंतर प्रयास करते रहना चाहिए कि राजभाषा के प्रयोग-प्रसार में कोई गिरावट न आने पाए। हम सभी अपने कार्य क्षेत्र में रेलवे पर राजभाषा की स्थिति एवं प्रगति को और सुदृढ़ करने का प्रयास करें तथा अपने विशेष प्रयासों का उल्लेख अगली बैठक में करें।

उप मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं उप महाप्रबंधक/सामान्य कृष्ण चंद्र सिंह ने अपने स्वागत संबोधन में कहा कि मुख्यालय में हिन्दी की समीक्षा हेतु यह बैठक की जा रही है। विभागों से प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार मुख्यालय में राजभाषा संबंधी वार्षिक कार्यक्रम में दिए गए लगभग सभी मदों में निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त कर लिया गया है। हम सभी अपने विभाग के राजभाषा प्रयोग की वास्तविक स्थिति पर नजर रखें, जिससे निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में सार्थक कदम उठाया जा सके।

बैठक में समिति के सदस्यों के सुझाव मांगे गए। राजभाषा अधिकारी ध्रुव कुमार श्रीवास्तव ने पिछली बैठक के कार्य वृत्त की पुष्टि की। उन्होंने कार्यवृत्त के प्रमुख निणर्यों केे अनुपालन की स्थिति से सभी उपस्थित सदस्यों को अवगत कराया। बैठक में रेलवे बोर्ड की मानक कार्य सूची के अनुसार चर्चा की गई एवं आभार ज्ञापन किया।

फोटो परिचय: पूर्वोत्तर रेलवे मुख्यालय राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक को संबोधित करते हुए मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं प्रमुख मुख्य इंजीनियर चंद्र प्रकाश गुप्ता एवं अन्य अधिकारीगण।