March 26, 2022

रेलकर्मियों के वेतन से हुई अनावश्यक कटौती की त्वरित वापसी

प्रयागराज ब्यूरो/झांसी: मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के वाणिज्य विभाग में कार्यरत कुछ रेल कर्मचारियों के वेतन से तकनीकी त्रुटि के कारण मार्च महीने में प्राप्त वेतन से आयकर की दोगुनी कटौती हो गई थी।

इस राशि को वापस किए जाने हेतु वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी राजेश कुमार गुप्ता एवं वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक अमृतांशु मौर्या एवं उनकी टीम (कामिक एवं लेखा विभाग) द्वारा अतिरिक्त श्रम किया गया।

मंडल कार्मिक विभाग द्वारा महाप्रबंधक (क्रिस) नई दिल्ली से लगातार पत्राचार किया गया तथा व्यक्तिगत रूप से संपर्क करके उनसे तकनीकी त्रुटि का सुधार कराया गया तथा फार्म-16 को अद्यतन किए जाने की कार्यवाही सुनिश्चित की गई।

तत्पश्चात सभी कर्मचारियों, जिनके वेतन से आयकर की अनावश्यक कटौती हो गई थी, को वापस करने की कार्यवाही सुनिश्चित की गई तथा मार्च-2022 में ही कटौती की उक्त राशि वापस कर दी गई।

तकनीकी त्रुटि वश काटी गई राशि का भुगतान करते हुए त्वरित रूप से प्रकरण का निस्तारण किया गया। प्रशासन द्वारा की गई त्वरित कार्यवाही से कर्मचारियों द्वारा संतोष व्यक्त किया गया है। मंडल प्रशासन द्वारा आयकर कटौती की त्वरित वापसी कराया जाना निश्चित रूप से सराहनीय कार्य है।