March 17, 2022

डीजल के उपयोग में निरंतर आ रही कमी से रेल राजस्व की बचत

झांसी मंडल द्वारा वैगन लदान में लगातार हो रही उल्लेखनीय वृद्धि

प्रयागराज ब्यूरो: झांसी मंडल यात्री सुविधाओं की बढ़ोतरी के साथ-साथ माल लदान एवं राजस्व अर्जन सहित राजस्व बचत में वृद्धि हेतु निरंतर प्रयासरत है।

फरवरी 2022 तक इस वित्तीय वर्ष में अब तक कुल ₹9.68 करोड़ के राजस्व की बचत हाई स्पीड डीजल (एचएसडी) के कम उपयोग से की जा चुकी है। यह बचत डीजल के स्थान पर बिजली के अधिकतम उपयोग से संभव हो सकी है।

डीजल की खपत में आई कमी के साथ ही तकनीक का उपयोग एवं उचित प्रबंधन से डीजल उपयोग में कमी आई है। डीजल की खपत में कमी के चलते कार्बन उत्सर्जन में भी गिरावट आती है, जिसकी पर्यावरण को हरित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका है तथा ग्लोबल वार्मिंग की रोकथाम हेतु भी सहायक है।

यह भी उल्लेखनीय है कि फरवरी 2022 के दौरान डीजल के स्थान पर इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव के माध्यम से ट्रेनों का संचालन अधिक रहा। डीजल लोकोमोटिव के माध्यम से जहां 407 किमी प्रति दिन ट्रेनों का संचालन किया गया, वहीं इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव से 471 किमी प्रति दिन के ट्रेनों का संचालन हुआ है।

वैगन लदान में उत्कृष्ट कार्य करते हुए फरवरी 2022 में प्रतिदिन 384 वैगन लोड किए गए, जबकि फरवरी 2021 में प्रतिदिन औसतन 349 वैगन लदान किए गए थे। इसी प्रकार झांसी मंडल द्वारा फरवरी 2022 में विभिन्न वस्तुओं 0.59 मीट्रिक टन का माल लदान किया गया, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में 0.55 मीट्रिक टन का लदान किया गया था।