February 9, 2022

बृजेंद्र सिंह, “सर्वश्रेष्ठ रेलकर्मी के संरक्षा पुरस्कार” से महाप्रबंधक द्वारा सम्मानित

महाप्रबंधक/उ.म.रे. द्वारा संरक्षा के प्रति किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए पांच रेलकर्मियों को संरक्षा पुरस्कार से सम्मानित किया गया

प्रयागराज ब्यूरो: महाप्रबंधक, उत्तर मध्य रेलवे, प्रमोद कुमार, प्रमुख मुख्य संरक्षा अधिकारी अरुण कुमार एवं उत्तर मध्य रेलवे के सभी विभाग प्रमुखों की उपस्थिति में संरक्षा के प्रति किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए झांसी, आगरा एवं प्रयागराज मंडलों से चयनित पांच रेलकर्मियों को महाप्रबंधक द्वारा मंगलवार, 8 फरवरी 2022 को संरक्षा पुरस्कार प्रदान किए गए।

पुरस्कृत कर्मचारियों में 1. दिनेश कुमार, ट्रैक मेनटेनर-IV/डभौरा, प्रयागराज मंडल, 2. शशिभूषण पासवान, ट्रैक मेनटेनर-IV, फतेहाबाद/आगरा मंडल, 3. विकास, स्टेशन मास्टर/मक्खनपुर, प्रयागराज मंडल, 4. दीपक प्रकाश, प्वाइंट्स मैन/आगासोद, झांसी मंडल एवं 5. बृजेन्द्र सिंह, कांटेवाला/भीमसेन, झांसी मंडल शामिल हैं।

उल्लेखनीय है कि बृजेन्द्र सिंह, कांटेवाला/भीमसेन को जनवरी माह के सर्वश्रेष्ठ रेलकर्मी के संरक्षा पुरस्कार से पुरस्कृत किया गया है। बृजेन्द्र सिंह ने 27.01.2022 को भीमसेन स्टेशन पर यातायात समपार फाटक-236 पर कार्य के दौरान वहां से पास हो रही मालगाड़ी में असामान्य स्थिति को देखा। तत्पश्चात इन्होंने खतरा (लाल) सिगनल दिखाकर गाड़ी को रुकवाया। स्टेशन कर्मचारियों के सहयोग से असामान्य स्थिति को ठीक किया गया। इस प्रकार बृजेन्द्र सिंह द्वारा रेलवे की संरक्षा के साथ अपनी ड्यूटी के प्रति सराहनीय कार्य किया गया है।