February 10, 2022

मनसे ने आरआरबी/मुंबई पर निकाला मोर्चा, रेलवे भर्ती में स्थानीय भूमिपुत्रों को वरीयता देने की मांग

महाराष्ट्र नवनिर्माण रेलवे कामगार सेना (मनरेकासे), मध्य रेलवे ने अध्यक्ष जितेंद्र पाटिल उर्फ जीतू पाटिल के नेतृत्व में बुधवार, 9 फरवरी 2022 को मुंबई सेंट्रल स्थित रेलवे रिक्रूटमेंट बोर्ड (आरआरबी) के कार्यालय पर मोर्चा निकाला। मनसे के इस मोर्चे को देखते हुए स्थानीय पुलिस प्रशासन ने भारी बंदोबस्त किया था।

मनरेकासे, मध्य रेलवे के अध्यक्ष जीतू पाटिल द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है कि यह मोर्चा महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के अध्यक्ष राज ठाकरे के आदेश पर और अमित ठाकरे के मार्गदर्शन में निकाला गया। उन्होंने अपने बयान में कहा कि यह मोर्चा रेलवे भर्ती बोर्ड के गलत कामकाज के विरोध में तथा स्थानीय लोगों को वरीयता देने की मांग के लिए निकाला गया है।

उन्होंने कहा कि चेयरमैन, रेलवे रिक्रूटमेंट बोर्ड, मुंबई सेंट्रल, सुश्री यात्री दिवेकर के साथ मनसे के प्रतिनिधि मंडल ने मुलाकात करके उन्हें एक ज्ञापन सौंपा और उम्मीदवारों की समस्याओं से अवगत कराया गया तथा मांग की है कि रेलवे भर्ती में स्थानीय भूमिपुत्रों को वरीयता दी जाए।

उन्होंने अपने बयान में यह भी चेतावनी दी है कि अगर मनसे की मांगें नहीं मानी गईं, तो इससे भी बड़ा मोर्चा दिल्ली में निकाला जाएगा। उन्होंने कहा कि जल्दी ही रेल राज्यमंत्री रावसाहेब दानवे पाटिल से भेंट करके और ज्ञापन सौंपकर स्थानीय भूमिपुत्रों की समस्याओं और बेरोजगारी से उन्हें अवगत कराया जाएगा।

इस मोर्चे में मनरेकासे, मध्य रेलवे के महामंत्री संदीप देशपांडे और पदाधिकारी मनोज चव्हाण भी उपस्थित रहे। इसके अलावा सैकड़ों की संख्या में बेरोजगार मराठी युवाओं सहित बड़ी संख्या में रेलकर्मियों ने भी मोर्चे में सहभाग किया।