February 8, 2022

झांसी मंडल: टिकट चेकिंग तथा आरक्षित/अनारक्षित टिकट के माध्यम से आय अर्जन में निरंतर वृद्धि

झांसी मंडल, उत्तर मध्य रेलवे द्वारा मंडल रेल प्रबंधक आशुतोष के मार्गदर्शन, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक नवीन दीक्षित एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (द्वितीय) अखिल शुक्ल के नेतृत्व में चालू वित्तीय वर्ष में विभिन्न आय स्रोतों से लक्ष्य से अधिक आय अर्जन किया जा रहा है।

इसी क्रम में टिकट जांच के माध्यम से चालू वित्त वर्ष में अप्रैल 2021 से जनवरी 2022 तक की 10 महीनों की अवधि में बिना टिकट, अनियमित टिकट, अनबुक्ड लगेज, गंदगी फैलाने, मास्क धारण न करने एवं धुम्रपाम करने वाले यात्रियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से कुल 3.23 लाख यात्रियों से उपरोक्त अनियमितता हेतु जुर्माना स्वरूप ₹21.54 करोड़ रेल राजस्व की वसूली की गयी।

इसी प्रकार जनवरी 2022 में टिकट जांच के माध्यम से अनियमित रूप से यात्रा करने वाले 35623 यात्रियों से ₹2.34 करोड़ रेल राजस्व के रूप में अर्जित किया गया, जो कि वर्ष 2019-20 की सामान अवधि में अर्जित ₹1.24 करोड़ से 88.08 प्रतिशत अधिक है।

उल्लेखनीय है कि झांसी मंडल ने जनवरी 2022 में लगभग 9.44 लाख आरक्षित श्रेणी में यात्रा करने वाले तथा 5.45 लाख अनारक्षित श्रेणी में यात्रा करने वाले यात्रियों सहित कुल 14.89 लाख यात्रियों से लगभग ₹34 करोड़ की आय अर्जित की है।

वर्तमान वित्तीय वर्ष में मंडल द्वारा अप्रैल-21 से जनवरी-22 तक की अवधि में कुल 1.45 करोड़ आरक्षित तथा अनारक्षित यात्रियों से कुल ₹437.1 करोड़ की आय अर्जित हुई है। उक्त आय पिछले वर्ष की तुलना में 197.32 प्रतिशत अधिक है।