January 3, 2022

संजय त्रिपाठी ने पूर्वोत्तर रेलवे के प्रमुख मुख्य परिचालन प्रबंधक का कार्यभार संभाला

गोरखपुर ब्यूरो: वर्ष 1990 बैच के आईआरटीएस अधिकारी संजय त्रिपाठी ने शनिवार, 01 जनवरी, 2022 को पूर्वोत्तर रेलवे के प्रमुख मुख्य परिचालन प्रबंधक (पीसीओएम) का पदभार संभाल लिया। इसके बाद ही वह मुख्य परिवहन योजना प्रबंधक का अतिरिक्त कार्यभार भी पूर्ववत् देखेंगे।

आईआईटी, कानपुर से रसायन शास्त्र में परास्नातक श्री त्रिपाठी भारतीय रेल यातायात सेवा के वर्ष 1990 बैच के अधिकारी हैं। संजय त्रिपाठी भुसावल, नागपुर, झांसी, पुणे, सोलापुर, कटिहार, आगरा एवं प्रयागराज मंडलों में विभिन्न पदों पर कार्यरत रहे हैं। प्रतिनियुक्ति पर उन्होंने नागर विमानन मंत्रालय, भारत सरकार में उप रेल संरक्षा आयुक्त, लखनऊ के पद पर भी कार्य किया है।

श्री त्रिपाठी उत्तर मध्य रेलवे, प्रयागराज में मुख्य यात्री यातायात प्रबंधक तथा कुम्भ मेला अधिकारी, इंडियन रेलवे इंस्टीट्यूट ऑफ ट्रांसपोर्ट मैनेजमेंट, लखनऊ में सीनियर प्रोफेसर एवं मंडल रेल प्रबंधक, उत्तर रेलवे, लखनऊ के दायित्वों का भी निर्वहन कुशलतापूर्वक किया है। रेल परियोजनाओं एवं अन्य दायित्वों के परिप्रेक्ष्य में उन्होंने मलेशिया, सिंगापुर एवं इटली की यात्रा भी की है।

श्री त्रिपाठी को रेलमंत्री द्वारा वर्ष 2012 में “नेशनल अवार्ड फॉर आउट स्टैंडिंग सर्विसेज” प्रदान किया गया। अधिकारियों एवं कर्मचारियों में समान रूप से लोकप्रिय श्री त्रिपाठी को रेल प्रबंधन का गहन अनुभव प्राप्त है।