November 25, 2021

झांसी मंडल द्वारा अपरम्परागत श्रोतों से आय अर्जित कर राजस्व में वृद्धि करने का प्रयास

मंडल्र रेल प्रबंधक आशुतोष के निर्देशन तथा वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक नवीन दीक्षित के नेतृत्व में झांसी मंडल के वाणिज्य विभाग में आय के अपरम्परागत स्रोत के माध्यम से राजस्व अर्जन में निरंतर वृद्धि की जा रही है।

इसी क्रम में हाल ही में वाणिज्य प्रचार क्षेत्र में आने वाले ग्वालियर स्टेशन जोन बी ठेके का आबंटन मैसर्स दीपक एड. ग्वालियर को किया गया है।

ग्वालियर जोन बी प्रचार ठेके के अंतर्गत पश्चिम सर्कुलेटिंग एरिया, ईको टॉयलेट के पास, पार्किंग एरिया, डीलक्स टॉयलेट के पास, आरआरआई केबिन के ऊपर की साईट, लक्षमणपुरा रेलवे क्रासिंग, तानसेन रोड रेलवे क्रासिंग, कम्पू कोठी आरक्षण कार्यालय के पास, सिथौली रेलवे क्रासिंग सहित कुल 8724 वर्ग फुट क्षेत्र आबंटित किया गया है।

उक्त क्षेत्र में पार्टी को युनिपोल्स और होर्डिंग के माध्यम से वाणिज्य प्रचार हेतु अधिकृत किया गया है, जिससे अगले 5 वर्षों में मंडल को 1.5 करोड़ से अधिक आय प्राप्त होना संभावित है।

उल्लेखनीय है की यह ठेका वर्ष 2014 से रिक्त है, निरंतर प्रयास करने के पश्चात 7 वर्ष बाद यह ठेका आबंटित हुआ है।

वित्तीय वर्ष 2021-22 में अप्रैल से नवंबर तक की अवधि में गैर किराया राजस्व (NFR) स्रोत वाणिज्य प्रचार एवं मंडल के प्रमुख स्टेशनों पर उपलब्ध बैंक एटीएम मशीन्स के किराया से मंडल द्वारा 70 लाख से अधिक राजस्व अर्जित किया गया है, जिसमें विशेष योगदान प्रचार निरीक्षक विजय कुमार भारद्वाज द्वारा दिया गया है।

मंडल द्वारा वित्तीय वर्ष 2021-22 में अप्रैल से अक्टूबर तक की अवधि में अन्य विविध अपरम्परागत आय स्रोतों में व्हीकल पार्किंग से 42.49 लाख, खानपान इकाईयों से 121.01 लाख तथा प्लेटफार्म टिकट, क्लॉक रूम, अंडरचार्ज, टिकट चेकिंग पेनाल्टी आदि माध्यमों से कुल 97.25 लाख रूपए का राजस्व अर्जित किया है।

झाँसी मंडल द्वारा यात्री सुरक्षा/संरक्षा हेतु उठाए जा रहे कदम

मंडल यात्री सुंरक्षा/संरक्षा हेतु निरंतर प्रयासरत है। इसी क्रम में मंडल के कोचों के दरवाजों पर सुरक्षा संदेश देने के संबंध में झांसी मंडल ने 200 कोचों में 400 एकीकृत निर्देश बोर्ड लगवाए हैं।

इस बोर्ड में उपलब्ध महत्वपूर्ण सूचनाओं में सुरक्षा हेल्पलाइन 182, आगजनी के दौरान रोकथाम हेतु सावधानियां तथा उपाय सम्बंधित सूचनाये प्रदर्शित की गयी हैं I इसके अतितिक्त छेडखानी गंभीर अपराध, रेल मदद एप्प, कचरा दान का प्रयोग, बायो टॉयलेट का इस्तेमाल आदि अति महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्रदर्शित की गई हैं।

यह बोर्ड लंबे समय तक चलने वाली सेवा को ध्यान में रखते हुए अल्ट्रावायलेट प्रिंटिंग के साथ एल्यूमीनियम सैंडविच प्लेट से बनाया गया है। यह बोर्ड अत्यंत स्पष्ट और टिकाऊ गुणवत्ता के हैं। कोचों की लगातार धुलाई के बावजूद भी इसकी गुणवत्ता एवं दृश्यता पर कोई प्रभाव नहीं होगा।