October 1, 2021

झांसी मंडल को मिली उत्‍तर मध्‍य रेलवे क्षेत्रीय राजभाषा प्रदर्शनी की सर्वश्रेष्‍ठ शील्‍ड

प्रयागराज ब्यूरो: राजभाषा में उत्‍कृष्‍ट सरकारी काम करने वाले कर्मचारियों को महाप्रबंधक, उत्‍तर मध्‍य रेलवे द्वारा पुरस्‍कृत किया गया है। इसके साथ ही 29 सितंबर 2021 को उत्‍तर मध्‍य रेलवे मुख्‍यालय प्रयागराज में राजभाषा पखवाड़े के समापन समारोह के अवसर पर आयोजित की गई राजभाषा प्रदर्शनी में झांसी मंडल को उत्‍तर मध्‍य रेलवे के समस्‍त मंडलों एवं कारखानों में सर्वश्रेष्‍ठ प्रदर्शन की शील्‍ड भी मिली।

मंडल रेल प्रबंधक, झांसी आशुतोष ने 30 सितंबर 2021 को महाप्रबंधक पुरस्‍कार विजेताओं को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में पुरस्‍कार प्रदान किए। इस अवसर पर उन्‍होंने पुरस्‍कार विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि यह पूरे झांसी मंडल के लिए गर्व का विषय है कि उत्‍तर मध्‍य रेलवे पर राजभाषा कार्यान्‍वयन में झांसी मंडल अग्रणी है।

अपर मंडल रेल प्रबंधक एवं अपर मुख्‍य राजभाषा अधिकारी दिनेश वर्मा ने कर्मचारियों का उत्‍साहवर्धन करते हुए कहा कि झांसी मंडल के अधिकारी एवं कर्मचारी हमेशा एक टीम के रूप में कार्य करते हैं। हमें आगे भी इसी प्रकार एक टीम के रूप में अपना उत्‍कृष्‍ट कार्य जारी रखना होगा।

कार्यक्रम में सीमा तिवारी, सहायक वाणिज्‍य प्रबंधक झांसी, धन सिंह निरंजन मुख्‍य कार्यालय अधीक्षक झांसी, राजकपूर तकनीशियन, मनोज कुमार जैन वरिष्‍ठ सेक्‍शन इंजीनियर/ड्राइंग, राहुल शर्मा, तकनीशियन को पुरस्‍कृत किया गया।

उल्लेखनीय है कि झांसी मंडल ने उक्त प्रदर्शनी में संपूर्ण मंडल पर हो रहे राजभाषा संबंधी विविध क्रियाकलापों एवं कार्यालयीन कार्यों को अत्‍यधिक आकर्षक तथा प्रभावी ढंग से प्रस्‍तुत किया। इस प्रदर्शनी में झांसी मंडल में हो रहे राजभाषा संबंधी कार्यों की प्रगति की प्रत्‍येक स्‍तर पर प्रशंसा और सराहना की गई।

झांसी मंडल को महाप्रबंधक प्रमोद कुमार द्वारा राजभाषा के क्षेत्र में सर्वश्रेष्‍ठ मंडल/कारखाना की शील्‍ड प्रदान की गई, जिसे अपर मंडल रेल प्रबंधक(इन्‍फ्रा) झांसी, अमित सेंगर, वरिष्‍ठ राजभाषा अधिकारी, केशव त्रिपाठी, वरिष्‍ठ अनुवादक भगवान दास, वरिष्‍ठ अनुवादक श्रीकांत शर्मा एवं कार्यालय अधीक्षक राजेश त्रिपाठी ने महाप्रबंधक से एक समारोह में प्राप्‍त किया।

इसके साथ ही महाप्रबंधक ने अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्‍फ्रा), झांसी अमित सेंगर को रेलमंत्री राजभाषा रजत पदक प्रदान किया गया। इस अवसर पर झांसी मंडल के एक अधिकारी सहित 8 कर्मचारियों को हिंदी में उत्‍कृष्‍ट और सराहनीय कार्य करने के लिए महाप्रबंधक द्वारा पुरस्‍कृत किया गया।

#DRMJhansi #Rajbhasha #GMNCR