November 24, 2020

विद्युत लोको शेड का कार्य प्रभावी ढ़ंग से निष्पादित किया जाए – वी. के. त्रिपाठी

गोरखपुर ब्यूरो : पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक विनय कुमार त्रिपाठी ने सोमवार, 23 नवंबर को निर्माणाधीन विद्युत लोको शेड (इलेक्ट्रिक लोको शेड) का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मुख्य प्रशासनिक अधिकारी/निर्माण आर. के. यादव, प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर ए. के. शुक्ला, मुख्य विद्युत लोको इंजीनियर पी. के. सारस्वत, मुख्य इंजीनियर/निर्माण/पश्चिम ए. के. सिंह भी उपस्थित थे।

इसके अलावा उप मुख्य इंजीनियर/निर्माण सुभाष चन्द्र, उप मुख्य विद्युत इंजीनियर/निर्माण एस. पी. यादव, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर/टीआरएस सागर तथा सहायक विद्युत इंजीनियर/टीआरएस जया द्विवेदी सहित निर्माण एवं विद्युत विभाग के सभी संबंधित अधिकारी भी उपस्थित थे।

निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक श्री त्रिपाठी ने विद्युत लोको के अनुरक्षण से सम्बन्धित किये जा रहे निर्माण कार्यों को देखा तथा शेड में लगने वाली सभी मशीनरी एवं प्लांट के इन्स्टालेशन साइट की समीक्षा की।

श्री त्रिपाठी ने संबंधित अधिकारियों को कई बिंदुओं पर और अधिक प्रभावी ढंग से कार्य निष्पादित करने का निर्देश दिया। उन्होंने लोको के बेहतर मेंटेनेंस हेतु मैनपावर एवं अनुरक्षण में लगने वाले समय से संबंधित कुछ व्यवहारिक एवं महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए।

उपस्थित सभी संबंधित अधिकारियों ने महाप्रबंधक श्री त्रिपाठी के निर्देशों एवं सुझावों को क्रियान्वित करने का आश्वासन दिया, जिससे निर्माणाधीन इलेक्ट्रिक शेड समग्रता में एक उत्कृष्ट अनुरक्षण संस्थान बन सके।

ज्ञात हो कि इस विद्युत लोको शेड में विद्युत लोको के ‘माइनर शेड्यूल‘ अनुरक्षण का कार्य किया जा रहा है। पिछले माह 13 विद्युत लोको का ‘माइनर शेड्यूल‘ अनुरक्षण किया गया। इस माह अभी तक 8 विद्युत लोको का ‘माइनर शेड्यूल‘ अनुरक्षण किया जा चुका है।