महाप्रबंधक, पूर्वोत्तर रेलवे ने किया बस्ती रेलवे स्टेशन का सघन निरीक्षण

महाप्रबंधक, पूर्वोत्तर रेलवे, उदय बोरवणकर ने संरक्षित ट्रेन संचालन हेतु बस्ती स्टेशन पर रेलवे ट्रैक के टो (Toe) लोड की जांच की तथा अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत पुनर्विकसित किए जा रहे बस्ती स्टेशन का सघन निरीक्षण किया
 
गोरखपुर ब्यूरो: महाप्रबंधक, पूर्वोत्तर रेलवे उदय बोरवणकर ने 12 नवम्बर, 2026 को लखनऊ मंडल के शाखा अधिकारियों की उपस्थिति में संरक्षित ट्रेन संचालन हेतु बस्ती स्टेशन पर रेलवे ट्रैक के टो (Toe) लोड की जांच की, जो कि रेलवे ट्रैक के सुचारू कार्यशीलता का मापक होता है। साथ ही महाप्रबंधक ने अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत पुनर्विकसित किए जा रहे बस्ती स्टेशन तथा बस्ती-ओरवारा स्टेशनों के मध्य बस्ती स्टेशन यार्ड में समपार संख्या 198 पर निर्माणाधीन रोड ओवर ब्रिज (आरओबी) का गहनता से निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने संरक्षित ट्रेन संचालन हेतु बस्ती स्टेशन पर रेलवे ट्रैक के टो (Toe) लोड की जांच की तथा सम्बन्धित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने रेलवे ट्रैक के समयबद्ध अनुरक्षण पर विशेष बल दिया। तत्पश्चात श्री बोरवणकर ने अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत पुनर्विकसित किए जा रहे बस्ती स्टेशन के ले-आउट प्लान का अवलोकन किया।

उन्होंने सर्कुलेटिंग एरिया, पार्किंग एरिया, एस्केलेटर, लिफ्ट, गुड्स साइडिंग एवं प्लेटफार्मों के कार्यों की प्रगति का जायजा लिया तथा प्रकाश व्यवस्था को सुदृढ़ करने एवं स्वच्छता के उच्च मानक को बनाये रखने हेतु सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया।

Advertisements

महाप्रबंधक ने यात्रियों की सुगमता हेतु पार्किंग एरिया की व्यवस्था को बेहतर करने हेतु सम्बन्धित अधिकारियों को महत्वपूर्ण सुझाव दिए। तत्पश्चात श्री बोरवणकर ने प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर स्थित एसी लाउंज, डॉरमेट्री, महिला एवं पुरुष प्रतीक्षालय, सीसीटीवी कक्ष, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) पोस्ट तथा रेलवे आवासों में आवश्यक सुधार हेतु दिशा-निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने पैनल कक्ष को देखा। इसके उपरान्त श्री बोरवणकर ने समपार संख्या 198 पर निर्माणाधीन रोड ओवर ब्रिज (आरओबी) का अवलोकन किया।

श्री बोरवणकर ने सम्बन्धित अधिकारियों को पुनर्विकास कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के अन्दर उच्च गुणवत्ता एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरा किए जाने हेतु निर्देशित किया। उन्होंने संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए रेल परिसम्पत्तियों के उचित रखरखाव, रेलवे ट्रैक के अनुरक्षण, यात्री सुविधाओं में निरन्तर सुधार, स्वच्छता तथा स्टेशन परिसर के समुचित रखरखाव पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।