मिर्जापुर-झिंगुरा सेक्शन रेल हादसा: सुरक्षा व्यवस्था, टेंडर शर्तों और जवाबदेही पर प्रश्नचिन्ह
मिर्जापुर-झिंगुरा रेलखंड पर तीसरी रेल लाइन के निर्माण के दौरान फॉर्मेशन ढ़हने की घटना ने भारतीय रेल की सुरक्षा तैयारियों, निगरानी और प्रशासनिक जवाबदेही पर गंभीर प्रश्नचिन्ह लगा दिए हैं। इसे केवल एक सामान्य हादसा मानकर अनदेखा नहीं किया जा सकता, क्योंकि यह सीधे तौर पर यात्रियों और कर्मचारियों की जान की जोखिम से जुड़ा मामला है।
10 नवंबर 2026 की शाम को हुई इस घटना के बाद डाउन लाइन पर रेल परिचालन रोकना पड़ा था, जिससे हालांकि बाद में ट्रायल लोकोमोटिव और यात्री ट्रेनों के गुजरने के साथ बहाल कर दिया गया, लेकिन इसके तकनीकी और सुरक्षा पहलू गंभीर चिंता का विषय बने हुए हैं।
इस पूरी घटना के बाद कई सीधे और बुनियादी प्रश्न खड़े हो गए हैं जिनका जवाब जनता और विशेषज्ञों को मिलना आवश्यक है। सबसे पहले यह स्पष्ट होना चाहिए कि क्या यह ठेका ईपीसी यानी “इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट एंड कंस्ट्रक्शन” आधार पर दिया गया था और टेंडर की शर्तों में सुरक्षा उपायों की क्या पुख्ता व्यवस्था थी।
इसके अलावा, निर्माण स्थल पर नियमानुसार शीट पाइलिंग की गई थी या नहीं तथा निर्माण के दौरान आवश्यक सुरक्षा प्रोटोकॉल और निगरानी की अनदेखी क्यों की गई। इन तमाम बिंदुओं पर यह भी प्रश्न उठ रहा है कि जिम्मेदार अधिकारियों ने समय रहते संभावित जोखिम का आकलन क्यों नहीं किया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए विभिन्न स्तरों पर सख्त जांच और कार्रवाई की मांग जोर पकड़ रही है। मांग की जा रही है कि केंद्रीय सतर्कता आयोग और सीबीआई द्वारा टेंडर शर्तों, स्वीकृत डिजाइन और सुरक्षा अनुपालन की स्वतंत्र जांच कराई जाए। साथ ही, पूरे प्रोजेक्ट का फॉरेंसिक ऑडिट कराने की आवश्यकता है जिसमें निर्माण रिकॉर्ड, साइट निरीक्षण रिपोर्ट, सुरक्षा ऑडिट और ठेकेदार की जिम्मेदारी की बारीकी से पड़ताल हो।
यह भी मांग की गई है कि जांच पूरी होने तक प्रथम दृष्टया जिम्मेदार अधिकारियों को नियमानुसार ड्यूटी से हटाया जाए और दोषियों की कड़ी जवाबदेही तय की जाए। इतना ही नहीं, रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष यानी सीआरबी को भी इस मामले में नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग उठ रही है।
विशेषज्ञों और आमजन का मानना है कि रेलवे में किसी भी हादसे के बाद केवल मुआवजा देने और सतही जांच की घोषणा कर देना पर्याप्त नहीं है। जनता को यह जानने का पूरा अधिकार है कि सुरक्षा में इतनी बड़ी चूक कैसे हुई और इसके लिए आखिरकार कौन जिम्मेदार है!
रेलवे की प्राथमिकता निर्माण की गति बढ़ाने से ज्यादा यात्रियों और कर्मचारियों की सुरक्षित आवाजाही होनी चाहिए। घटनास्थल की तस्वीरें बेहद खतरनाक स्थिति को दर्शाती हैं, जिससे यह साफ होता है कि लापरवाही के प्रति अब किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जा सकती। रेलवे बोर्ड विजिलेंस को तत्काल प्रोसीजरल लैप्स की जांच करनी चाहिए ताकि भविष्य में इस तरह की गंभीर इंजीनियरिंग विफलताओं को पूरी तरह रोका जा सके।

