पटरी पर सुरक्षा: मानव तस्करी के विरुद्ध RPF का संघर्ष
स्टेशन अब सुरक्षा क्षेत्र में बदल रहे हैं — जहाँ तस्कर अदृश्य नहीं रह पाते और पीड़ित कभी अकेले नहीं छोड़े जाते

यह 21 जुलाई, 2025 की एक साधारण दोपहर थी, जब न्यू जलपाईगुड़ी रेलवे स्टेशन की भारी भीड़, गाड़ियों की आवाजाही, उद्घोषणाओं और यात्रियों की भागदौड़ के बीच एक काली हकीकत छिपी हुई थी — मानव तस्करी।
सूचना मिलने पर रेलवे सुरक्षा बल (#RPF) की महिला उप निरीक्षक सुश्री सारिका कुमारी ने, RPF और जीआरपी (राजकीय रेलवे पुलिस) अधिकारियों के साथ मिलकर, तुरंत कार्रवाई की। गाड़ी संख्या 13245 डाउन की कई बोगियों में एक शांत और समन्वित तलाशी शुरू की गई और जो सामने आया, वह चौंकाने वाला था।
छप्पन युवा लड़कियाँ, भ्रमित और अपनी यात्रा के उद्देश्य से अनजान, दो व्यक्तियों — जितेंद्र कुमार पासवान और चंद्रिमा कर — के साथ पाई गईं। ये आरोपी दावा कर रहे थे कि वे लड़कियों को बेंगलुरु के मोटर पार्ट्स और मोबाइल फोन कंपनियों में काम दिलाने ले जा रहे हैं। पकड़े जाने से बचने के लिए लड़कियों को अलग-अलग डिब्बों में बैठाया गया था।
पूछताछ करने पर लड़कियाँ अपनी यात्रा या रोजगार के बारे में जानकारी नहीं दे सकीं, और यहाँ तक कि उनके माता-पिता भी पूरी तरह अनभिज्ञ थे। उनके कोच और बर्थ नंबर उनकी हथेलियों पर स्याही से लिखे हुए थे — यह इस बात का भयावह प्रमाण था कि यह अपराध कितनी संगठित रूप से किया जा रहा था।
तस्कर कोई वैध दस्तावेज़ प्रस्तुत नहीं कर सके और न ही संतोषजनक उत्तर दे सके। कानूनी प्रावधानों के तहत दोनों को गिरफ्तार किया गया और सत्यापन के बाद लड़कियों को मुक्त कर दिया गया।
इस सफलता के पीछे केवल एक टीम नहीं थी, बल्कि एक सतर्क सुरक्षा तंत्र था, जो यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि भारत के विशाल रेलवे नेटवर्क — देश की जीवनरेखा — मानव शोषण का माध्यम न बने।
जीवन की रक्षा में RPF की बढ़ती भूमिका
RPF के लिए यह सेवा का एक और दिन था — निःशब्द और दृढ़ संकल्प। यात्री सुरक्षा सुनिश्चित करने, रेल संपत्ति की रक्षा करने और व्यवस्था बनाए रखने जैसी अनेक जिम्मेदारियों के बीच, एक भूमिका ने पिछले दशक में विशेष महत्व प्राप्त किया है: मानव तस्करी को रोकना।
13,000 ट्रेनों, 7,500 स्टेशनों और प्रतिदिन अनुमानित 2.3 करोड़ यात्रियों के साथ—भारतीय रेल—भारत को कोने-कोने से जोड़ती है। लेकिन यही सुविधा अपराधियों के लिए आकर्षण का केंद्र भी बन जाती है — ऐसे तत्व, जो इस सस्ती, सुलभ और गुमनाम यात्रा प्रणाली का दुरुपयोग करके अपने शिकारों को तस्करी के जरिए ले जाते हैं। महिलाएँ और बच्चे, विशेषकर हाशिए पर रहने वाले क्षेत्रों से, झूठे रोजगार, शिक्षा या विवाह के वादों से बहकाकर बाल श्रम, वेश्यावृत्ति और भीख मांगने में धकेल दिए जाते हैं।
RPF इस खतरे से निपटने के लिए एक महत्वपूर्ण शक्ति के रूप में उभरी है। खुफिया-आधारित ऑपरेशनों, नागरिक पुलिस, गैर सरकारी संगठनों (#NGO) और अन्य एजेंसियों के साथ समन्वय से, RPF राष्ट्रीय स्तर पर मानव तस्करी के विरुद्ध सामूहिक लड़ाई की प्रमुख भागीदार बन गई है।
पुलिसिंग से संरक्षण तक: तस्करी-मुक्त नेटवर्क की दिशा में
मानव तस्करी के विरुद्ध RPF की सक्रिय भूमिका रातों-रात नहीं बनी, बल्कि यह रणनीतिक, संगठित और प्रतिबद्ध विकास का परिणाम है।
यह बदलाव 2020 में शुरू हुए “ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते” से प्रारंभ हुआ, जिसका उद्देश्य उन बच्चों को बचाना था जो खो गए थे, छोड़े गए थे, घर से भाग गए थे या शोषण की स्थिति में फंसे थे। शुरू में बच्चों पर केंद्रित यह अभियान जल्द ही मानव तस्करी के व्यापक जाल को उजागर करने लगा — जिससे महिलाओं और अन्य संवेदनशील वयस्कों को भी बचाने पर ध्यान केंद्रित हुआ।
पिछले साढ़े चार वर्षों में इस अभियान ने 64,000 से अधिक बच्चों को बचाया — 43,493 लड़के और 20,411 लड़कियाँ — जिन्हें बाल श्रम, संगठित भीख मांगने और जबरन मजदूरी से निकाला गया। बचाव के बाद बच्चों को बाल कल्याण समितियों (#CWCs) के समक्ष प्रस्तुत किया जाता है, जहाँ उन्हें पुनर्वास या सुरक्षित संस्थागत देखभाल दी जाती है। इसमें चाइल्ड हेल्प डेस्क (#CHDs) और जिला बाल संरक्षण इकाईयों (#DCPUs) का महत्त्वपूर्ण सहयोग है। वर्तमान में 135 प्रमुख स्टेशनों पर यह व्यवस्था लागू है और इसे आगे और बढ़ाने की योजना है।
इस सफलता पर आगे बढ़ते हुए, RPF ने 2022 में ऑपरेशन #AAHT (Action Against Human Trafficking) शुरू किया, जिसके तहत भारतीय रेलवे नेटवर्क पर 750 एंटी-ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट्स (AHTUs) गठित की गईं। ये इकाईयाँ खुफिया छापेमारी, निगरानी अभियान और एनजीओ एवं स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त बचाव कार्य करती हैं। साथ ही, राष्ट्रीय महिला आयोग और आरंभ इंडिया (एनजीओ) के साथ समझौते किए गए, जिससे क्षमता निर्माण, त्वरित सूचना साझा करना और पुनर्वास सहयोग संभव हुआ।
रणनीतिक खुफिया और तकनीकी बढ़त: पहचान की नई दिशा
- अब तस्करी के खिलाफ लड़ाई केवल सतर्कता पर नहीं, बल्कि सटीकता, भविष्यवाणी और एकीकृत रणनीति पर आधारित है।
- RPF की पहचान प्रक्रिया अब बहुआयामी और तकनीक-सक्षम हो चुकी है।
- टिकट परीक्षकों, कुलियों और ट्रेन के हाउसकीपिंग स्टाफ जैसे अग्रिम पंक्ति के कर्मचारियों को संदिग्ध संकेतों की पहचान के लिए प्रशिक्षित किया जाता है।
- डेटा एनालिटिक्स, सीसीटीवी निगरानी और एआई-सक्षम फेस रिकग्निशन सिस्टम (#FRS) संदिग्धों की पहचान में मदद करते हैं।
- सोशल और डिजिटल मीडिया का उपयोग भी इस मिशन को आधुनिक बढ़त देता है। ट्विटर, व्हाट्सऐप हेल्पलाइन और भीड़-स्रोतित सूचनाओं से कई बचाव संभव हुए हैं।
बचाव, गिरफ्तारी और सुधार: ठोस प्रगति, वास्तविक जीवन
2021 से मध्य 2025 के बीच 2,912 मानव तस्करी पीड़ितों को RPF ने बचाया, जिनमें 2,600 से अधिक नाबालिग और 264 वयस्क शामिल थे। इसी अवधि में 701 तस्करों को गिरफ्तार किया गया।
इसके अलावा, RPF ने बांग्लादेश और म्यांमार से आए अवैध प्रवासियों की पहचान करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, जिनमें से कई तस्करी के शिकार थे। 2022 से 2024 के बीच ऐसे 580 मामले दर्ज किए गए।
लेकिन बचाव केवल पहला कदम है। पीड़ितों को परामर्श, सहायता और पुनर्वास भी प्रदान किया जाता है। मुजफ्फरपुर से लेकर सिकंदराबाद, कटिहार से अजमेर तक, ज्ञात तस्करी मार्गों को बाधित किया गया है। गोरखपुर-सिकंदराबाद एक्सप्रेस, राजेंद्रनगर-अजमेर एक्सप्रेस और न्यू जलपाईगुड़ी-अमृतसर एक्सप्रेस आदि गाड़ियाँ निगरानी का मुख्य केंद्र बनाई गई हैं।
रोकथाम: पहली रक्षा पंक्ति
- जहाँ बचाव और अभियोजन आवश्यक हैं, वहीं रोकथाम सबसे प्रभावी रणनीति बनी हुई है।
- RPF ने सरकार की पहल के साथ मिलकर रेलवे नेटवर्क में जन-जागरूकता अभियान चलाए गए हैं।
- स्टेशनों पर नुक्कड़ नाटक, पोस्टर, बैनर और स्टैंडियों का प्रदर्शन।
- उद्घोषणा प्रणाली और रेल डिस्प्ले नेटवर्क पर संदेश प्रसारित करना।
- सोशल मीडिया और सामुदायिक अभियान।
- “स्टॉप ट्रैफिकिंग, क्योंकि हर बच्चा स्वतंत्र होने का हकदार है” जैसे नारे केवल शब्द नहीं, बल्कि एक सांस्कृतिक बदलाव का हिस्सा हैं।
- हेल्पलाइन 1098 और 112 को जोड़ा गया है, ताकि शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई हो सके।
इस प्रकार, स्टेशन अब सुरक्षा क्षेत्र में बदल रहे हैं — जहाँ तस्कर अदृश्य नहीं रह पाते और पीड़ित कभी अकेले नहीं छोड़े जाते।
एकजुट रहकर मोर्चा सँभालना
विश्व मानव तस्करी निरोधक दिवस पर नई जलपाईगुड़ी से बचाई गई 56 लड़कियों की यह कहानी अपवाद नहीं है — यह पूरे देश में चल रही एक निरंतर लड़ाई का प्रतीक है।
लेकिन तस्करी एक गतिशील खतरा है। यह बदलती रहती है, छिप जाती है और उन्हीं प्रणालियों में घुसपैठ कर लेती है, जिन्हें प्रगति का माध्यम होना चाहिए।
इसलिए यह चुनौती निरंतर है। इसके लिए सतत सतर्कता, एजेंसियों के बीच तालमेल, नीतिगत नवाचार और सबसे बढ़कर, समाज की सामूहिक प्रतिबद्धता जरूरी है।
क्योंकि तस्करी को रोकना केवल RPF का कर्तव्य नहीं — यह हम सबकी साझा जिम्मेदारी है।
और हर बार जब कोई ट्रेन स्टेशन पर पहुँचती है बिना किसी जीवन को शोषण की गिरफ्त में खोए, हम एक सुरक्षित और स्वतंत्र भारत की ओर एक कदम और बढ़ जाते हैं।

