रेलयात्रियों की सुरक्षा बढ़ाने के लिए कोचों में लगाए जाएंगे सीसीटीवी कैमरे

बेहतर सुरक्षा के लिए सभी 74,000 कोचों और 15,000 इंजनों में लगेंगे सीसीटीवी कैमरे

प्रत्येक कोच में 4 सीसीटीवी कैमरे और लोकोमोटिव में 6 कैमरे लगाए जाएंगे

100 किमी प्रति घंटे से अधिक की गति और कम रोशनी में भी उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी फुटेज सुनिश्चित किए जाएंगे

Advertisements

नई दिल्ली (पीआईबी): यात्री डिब्बों में सीसीटीवी कैमरे लगाने के सकारात्मक प्रायोगिक परिणाम आने के आधार पर, रेलवे बोर्ड ने सभी डिब्बों में सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्णय लिया है। रेलवे के इस कदम से यात्री सुरक्षा में उल्लेखनीय सुधार होगा। बदमाश और संगठित गिरोह भोले-भाले यात्रियों का फायदा उठाते हैं। सीसीटीवी कैमरे लगने से ऐसी घटनाओं में उल्लेखनीय कमी आएगी। यात्रियों की निजता बनाए रखने के लिए, कोचों में दरवाजों के पास और सामान्य आवागमन (गैलरी) क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।

रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव और रेल राज्यमंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने इंजनों और डिब्‍बों में सीसीटीवी कैमरे लगाने की प्रगति की समीक्षा की। शनिवार 12 जुलाई, 2025 को आयोजित बैठक में रेलवे बोर्ड के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।

360-डिग्री व्यापक कवरेज

रेल अधिकारियों ने बताया कि उत्तर रेलवे के लोकोमोटिव और कोचों में सीसीटीवी कैमरों के सफल परीक्षण किए जा चुके हैं। रेलमंत्री ने सभी 74,000 डिब्‍बों और 15,000 इंजनों में सीसीटीवी कैमरे लगाने की अनुमति दे दी है। प्रत्येक रेलवे कोच में 4 डोम सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे – प्रत्येक प्रवेश मार्ग पर 2, और प्रत्येक लोकोमोटिव में 6 सीसीटीवी कैमरे होंगे। इनमें लोकोमोटिव के आगे, पीछे और दोनों तरफ एक-एक कैमरे शामिल होंगे। प्रत्येक लोको कैब (आगे और पीछे) में एक डोम सीसीटीवी कैमरा और डेस्क पर 2 माइक्रोफोन लगाए जाएंगे।

आधुनिक समस्याओं के लिए आधुनिक निगरानी

अधिकारियों ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे नवीनतम मानकों वाले होंगे और एसटीक्यूसी प्रमाणित होंगे। रेलमंत्री ने सर्वश्रेष्ठ गुणवत्ता वाले उपकरणों का उपयोग करने पर जोर दिया। उन्होंने रेल अधिकारियों से यह सुनिश्चित करने को भी कहा है कि 100 किमी प्रति घंटे से अधिक गति और कम रोशनी की स्थिति में चलने वाली ट्रेनों के उच्च गुणवत्ता वाले फुटेज उपलब्ध हों। रेलमंत्री ने अधिकारियों को #इंडियाएआई मिशन के सहयोग से सीसीटीवी कैमरों द्वारा लिए गए डेटा पर एआई के उपयोग का भी पता लगाने के लिए प्रोत्साहित किया।

डेटा की गोपनीयता

अधिकारियों ने बताया कि डिब्बों के सामान्य आवागमन क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे लगाने का उद्देश्य यात्रियों की #सुरक्षा और #संरक्षा में सुधार के साथ वृद्धि करना है। उन्होंने कहा कि यात्रियों की निजता का पूरा ध्‍यान रखते हुए, ये कैमरे शरारती तत्वों की पहचान करने में जांच एजेंसियों की मदद करेंगे। उन्होंने बताया कि मंत्री जी के भारतीय रेल के आधुनिकीकरण के प्रयास, सुरक्षित, संरक्षित और यात्री-अनुकूल यात्रा अनुभव के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं।