पहला आरक्षण चार्ट ट्रेन के प्रस्थान से 8 घंटे पहले जारी किया जाएगा—यात्रियों की सुविधा के लिए चार्टिंग समय में संशोधन
यात्रियों को बेहतर सुविधा प्रदान करने और उन्हें अपनी यात्रा की बेहतर तरीके से पूर्व योजना बनाने में मदद करने के लिए, रेलवे ने मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों के आरक्षण चार्ट तैयार करने और जारी करने के समय में संशोधन करने का निर्णय लिया है।
वर्तमान में आरक्षित यात्रियों के नाम, कोच और बर्थ विवरण की जानकारी वाले आरक्षण चार्ट प्रारंभिक स्टेशन या दूरस्थ स्थान स्टेशन से ट्रेन के निर्धारित प्रस्थान से 4 घंटे पहले तैयार और जारी किए जाते हैं।
रेलवे बोर्ड के निर्देशों के अनुसार, 10 जुलाई 2025 से, ट्रेन का पहला आरक्षण चार्ट—पहले 4 घंटे के बजाय—अब ट्रेन के निर्धारित प्रस्थान से 8 घंटे पहले तैयार किया जाएगा।
संशोधित चार्टिंग समय के अनुसार-
- 05:00 बजे से 14:00 बजे के बीच प्रस्थान करने वाली ट्रेनों के लिए, पहला आरक्षण चार्ट पिछले दिन 21:00 बजे तक तैयार किया जाएगा।
- 14.00 बजे से 05.00 बजे के बीच प्रस्थान करने वाली ट्रेनों के लिए, पहला आरक्षण चार्ट ट्रेन के निर्धारित प्रस्थान से 8 घंटे पहले तैयार किया जाएगा।
- दूसरे आरक्षण चार्ट के लिए मौजूदा प्रक्रिया में कोई बदलाव नहीं होगा, जो मौजूदा प्रावधानों के अनुसार जारी रहेगा।
- अंतिम आरक्षण चार्ट ट्रेन के निर्धारित प्रस्थान से 30 मिनट पहले तैयार किया जाना जारी रहेगा।
यात्री अंतिम चार्ट तैयार होने से पहले खाली बर्थ बुक कर सकेंगे। यात्रीगण कृपया चार्टिंग समय में हुए बदलाव पर ध्यान दें।
रेलवे का मानना है कि उसके इस कदम से यात्री अपनी यात्रा की पूर्व योजना बेहतर तरीके से बना सकेंगे और बोर्डिंग स्टेशनों तक पहुँचने के लिए अंतिम घंटों की भीड़ से बच सकेंगे।
यह सक्रिय कदम भारतीय रेल की यात्री सेवाओं और परिचालन तत्परता को सुव्यवस्थित करने की प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है, जिससे कर्मचारियों और यात्रियों दोनों को लाभ होगा।

