झाँसी मंडल को 2025-26 के रेल बजट में ₹2344.39 करोड़ का आवंटन

इस वर्ष के पारित बजट के मद्देनजर रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने उत्तर प्रदेश में संचालित की जा रही रेलवे की विभिन्न परियोजनाओं हेतु आवंटित बजट हिस्सेदारी पर चर्चा करते हुए बताया कि इस साल के रेलवे को आवंटित बजट में उत्तर प्रदेश के लिए ₹19858 करोड़ और मध्य प्रदेश को ₹14,745 करोड़ का आवंटन किया गया। यह उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में रेलवे के कायाकल्प के लिए प्रभावी साबित होगा।  

इसके बाद झाँसी मंडल के लिए आवंटित बजट पर मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार सिन्हा ने मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के सभा कक्ष में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान विस्तृत जानकारी दी।

झाँसी मंडल को मिले ₹2344.39 करोड़

उत्तर मध्य रेलवे, झांसी मंडल के विभिन्न विकास कार्यों और रेल परियोजनाओं के लिए वित्तीय वर्ष 2025-26 में कुल ₹2344.39 करोड़ का बजट आवंटित किया गया है, जो कि पिछले वर्ष के ₹2202.46 करोड़ की तुलना में 6.44% अधिक है।

मुख्य बजटीय प्रावधान (₹ करोड़ में):
  • आमान परिवर्तन – 740.00
  • रेलपथ नवीनीकरण – 310.08
  • दोहरीकरण – 302.00
  • यात्री सुविधाएं – 276.19
  • यातायात सुविधाएं – 193.07
  • विद्युत कार्य – 160.39
  • सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) कार्य – 100.00
  • सड़क संरक्षा कार्य – 92.36
  • पुल निर्माण एवं नवीनीकरण – 90.75
  • सिग्नलिंग कार्य – 30.00
  • अन्य संरचनात्मक कार्य – 30.00
  • कर्मचारी कल्याण योजनाएं – 11.00
  • कारखानों हेतु – 08.00
  • नई रेल लाइनों का निर्माण – 00.50

महत्वपूर्ण परियोजनाओं हेतु विशेष आवंटन

  • ग्वालियर-श्योपुर कलां अमान परिवर्तन (कोटा तक विस्तार) – ₹450.00 करोड़
  • झाँसी-बीना तीसरी रेल लाइन – ₹110.50 करोड़
  • धौलपुर-झांसी खंड में ऑटोमेटिक ब्लॉक सिग्नल प्रणाली – ₹60.00 करोड़
  • झाँसी-कानपुर रेल खंड विकास कार्य – ₹20.00 करोड़
  • बुनियादी ढ़ाँचे और यात्री सुविधाओं में सुधार

बजट में रेलवे स्टेशनों के आधुनिकीकरण, गिट्टी रहित ट्रैक, त्वरित जल निकासी प्रणाली, गुड्स शेडों में संरचनात्मक सुधार, प्लेटफार्मों पर एस्केलेटर एवं लिफ्ट, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट तथा दिव्यांगजन एवं अन्य यात्रियों की सुविधाओं के लिए विशेष प्रावधान किया गया है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से राज्य के विभिन्न क्षेत्रों को बेहतर रेल कनेक्टिविटी मिलेगी और यात्री सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार होगा।

रेल प्रशासन द्वारा इस बजट को झाँसी मंडल में रेलवे बुनियादी ढ़ाँचे के विकास और यात्रियों की सुविधाओं के विस्तार में सार्थक रूप से उपयोग में लाने हेतु प्रतिबद्धता व्यक्त की गई।

इस प्रेस कांफ्रेंस में मंडल रेल प्रबंधक के साथ अपर मंडल रेल प्रबंधक पी. पी. शर्मा, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर/समन्वय आशुतोष चौरसिया मौजूद रहे।