July 20, 2024

रागौल-भरुआ सुमेरपुर-यमुना साउथ बैंक रेलखंड पर नवनिर्मित दूसरी लाइन का सीआरएस निरीक्षण

स्पीड ट्रायल के साथ नई लाइन की गुणवत्ता की परख भी की गई

प्रयागराज ब्यूरो: रेल संरक्षा आयुक्त प्रणजीव सक्सेना द्वारा निरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत 17.07.24 को मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) विपिन कुमार तथा मंडल रेल प्रबंधक/झाँसी दीपक कुमार सिन्हा के साथ रेल खंड का निरीक्षण पूरा किया गया। उन्होंने भरुआसुमेरपुर किलोमीटर संख्या 1354/3-4 से यमुना साउथ बैंक के मध्य (27.2 किमी) रेलखंड पर नव दोहरीकृत रेल लाइन का संरक्षा परीक्षण किया।

रेल संरक्षा आयुक्त प्रणजीव सक्सेना द्वारा सर्वप्रथम मंडल एवं निर्माण संगठन के अधिकारियों के साथ भरुआसुमेरपुर किमी सं. 1354/3-4 से यमुना साउथ बैंक तक मोटर ट्राली के माध्यम से सघन निरीक्षण किया गया। इसके पश्चात यमुना साउथ बैंक से रागौल के मध्य निरीक्षण यान के माध्यम से सभी संस्थापनों का सघन निरीक्षण किया गया। सभी संरक्षा मानकों से पूर्णतः संतुष्ट होने के उपरांत अप लाइन पर स्पीड ट्रायल किया गया। फिर रागौल से प्रारंभ होकर यमूना साउथ बैंक तक डाउन लाइन पर स्पीड टेस्ट किया गया।

निरीक्षण के दौरान उक्त रेल खंड के अंतर्गत आने वाले ट्रैक्शन, सिग्नल, गेट, ब्रिज, ट्रैक, ट्रैक-पॉइंट्स आदि सभी इंस्टालेशन तथा उनकी कार्य क्षमता का गहनता से परीक्षण किया गया। इसके साथ विभिन्न उपकरणों जैसे औसिलेशन मोनिटरिंग सिस्टम (#OMS) आदि के माध्यम से प्राप्त सांख्यिकी की जांच की गयी, जिससे ट्रैक कि गुणवत्ता (राइडिंग क्वालिटी) का सही आंकलन किया जा सके। इस दौरान खंड में पड़ने वाले मेजर / माइनर ब्रिज आदि का रेल संरक्षा आयुक्त द्वारा गहन निरीक्षण करते हुए परख की गयी।

रेल सुरक्षा आयुक्त से अनुमोदन प्राप्त होने पर यह नवनिर्मित दूसरी लाइन ट्रेनों के सुगम संचालन हेतु उपलब्ध होगी और इस रेलखंड से गुजरने वाली गाड़ियों को समयबद्धता एवं गति प्रदान करेगी।

निरीक्षण के दौरान झाँसी मंडल से मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार सिन्हा, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) आशुतोष चौरसिया, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अमन वर्मा, वरिष्ठ मंडल विधुत अभियंता (परिचालन) शिवम् श्रीवास्तव, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक अखिल शुक्ल, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी गिरीश कंचन, वरिष्ठ मंडल बिजली इंजिनीयर (कर्षण) मयंक शांडिल्य सहित अन्य अधिकारीगण, पर्यवेक्षक एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।