August 17, 2023

पूर्वोत्तर रेलवे: मुख्य प्रचार निरीक्षक को भावभीनी विदाई

गोरखपुर ब्यूरो: पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह की अध्यक्षता में 17 अगस्त, 2023 को जनसम्पर्क कार्यालय, पूर्वोत्तर रेलवे, गोरखपुर में आयोजित एक समारोह में मुख्य प्रचार निरीक्षक विजय कुमार श्रीवास्तव को उनकी सेवानिवृत्ति पर भावभीनी विदाई दी गई। समारोह में मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह ने विजय कुमार श्रीवास्तव को स्मृति चिन्ह प्रदान किया।

इस अवसर पर मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह ने सेवानिवृत्त हुए मुख्य प्रचार निरीक्षक विजय कुमार श्रीवास्तव को उनके भावी सुखद स्वस्थ जीवन की शुभकामनाएं देते हुए कहा श्री विजय से इस कार्यालय को बहुत कुछ सीखने को मिला है। श्री विजय कलम के धनी रहे हैं। इनकी लेखन शैली, लेखन क्षमता, कार्य शैली उच्चकोटि की रही है। श्री विजय रेल कार्यों में हमेशा आगे बढ़कर सहयोग करते रहे। उन्होंने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी जनसम्पर्क विभाग के कार्यों में श्री विजय का सहयोग मिलता रहेगा। मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी ने श्री विजय के स्वस्थ एवं सुखमय जीवन की कामना की।

वरिष्ठ जनसम्पर्क अधिकारी चन्द्र प्रकाश चौहान ने कहा कि मुख्य प्रचार निरीक्षक विजय कुमार श्रीवास्तव अपने कार्य के प्रति सदैव समर्पित रहे। श्री विजय कार्य की बारीकी को समझते थे तथा उनकी हिन्दी एवं अंग्रेजी भाषाओं पर अच्छी पकड़ थी और उनकी ड्रॉफ्टिंग उच्चकोटि की होती थी। उन्होंने कहा कि श्री विजय को जो भी कार्य दिया जाता था उसे पूरी तन्मयता के साथ गुणवत्तापूर्ण ढ़ंग से सम्पादित करते थे। श्री चौहान ने श्री विजय के स्वस्थ एवं खुशहाल जीवन की कमना करते हुए शुभकामनाएँ दीं।

जनसम्पर्क अधिकारी/वाराणसी अशोक कुमार, मुख्य प्रचार निरीक्षक सुशील कुमार जायसवाल, ओम प्रकाश सिंह, प्रचार निरीक्षक मनोज कुमार एवं प्रवीन कुमार श्रीवास्तव तथा गोपनीय सहायक संजय कुमार गुप्ता ने श्री विजय को सेवानिवृत्त जीवन की शुभकामनाएं देते हुए कार्यालय में उनके सहयोग के लिए धन्यवाद दिया। इस अवसर पर जनसम्पर्क विभाग के सभी कर्मचारी उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन मुख्य प्रचार निरीक्षक ओम प्रकाश सिंह ने किया।

फोटो परिचय: मुख्य प्रचार निरीक्षक विजय कुमार श्रीवास्तव को स्मृति चिन्ह प्रदान करते हुए पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह, वरिष्ठ जनसम्पर्क अधिकारी चन्द्र प्रकाश चौहान एवं अन्य।