March 31, 2022

सेवानिवृत्त/कार्यरत कर्मचारियों हेतु शिकायत निवारण शिविर का आयोजन

शिविर में कार्यरत कर्मचारियों के प्राप्त सभी 77 प्रकरणों का निस्तारण, जबकि सेवानिवृत्त कर्मचारियों के प्राप्त 75 प्रकरणों में से 71 प्रकरणों का निपटारा किया गया

प्रयागराज ब्यूरो/झांसी: उत्तर मध्य रेलवे, झांसी मंडल के सेवानिवृत्त एवं कार्यरत कर्मचारियों की समस्याओं के निवारण हेतु 29 मार्च 2022 को बुंदेलखंड क्लब, झांसी में “शिकायत निवारण शिविर” का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) दिनेश वर्मा की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ।

सर्वप्रथम राजेश कुमार गुप्ता, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी ने उपस्थित सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कर्मचारी शिकायत निवारण शिविर में निस्तारित किए गए प्रकरणों के बारे में प्रकाश डाला और सेवानिवृत्त एवं कार्यरत कर्मचारियों को उचित सुझाव दिए।

अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) ने सेवानिवृत्त तथा कार्यरत कर्मचारियों की कार्मिक एवं भुगतान से संबंधी समस्याओं को तत्परता से निपटाने पर जोर दिया। कार्यक्रम में वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक अमृतांशु मौर्य भी उपस्थित रहे। कर्मचारी निवारण शिविर में कार्यरत कर्मचारियों के 77 प्रकरण प्राप्त हुए। सभी 77 प्रकरणों का निस्तारण कर दिया गया।

इसी क्रम में सेवानिवृत्त कर्मचारियों के 75 प्रकरण प्राप्त हुए, जिनमें से 71 प्रकरणों का निपटारा कर दिया गया। इन प्रकरणों में सेवानिवृत्त कर्मचारियों को लगभग ₹14 लाख का भुगतान किए जाने की कार्यवाही चल रही है। शेष प्रकरणों की जांच की जा रही है। जिनका निस्तारण भी शीघ्र कर दिया जाएगा।

इसके अतिरिक्त एनपीएस से ओपीएस हेतु 38 प्रकरण प्राप्त हुए, जिनके निस्तारण हेतु मुख्यालय से दिशा-निर्देश मांगे गए हैं। प्राप्त दिशा-निर्देशों के आधार पर अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।

कार्यक्रम के अंत में मंडल कार्मिक अधिकारी जी. पी. मिश्रा द्वारा सभी का आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम का संचालन सुरेन्द्र श्रीवास, मुख्य कर्मचारी एवं कल्याण निरीक्षक द्वारा किया गया।