March 8, 2022

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर झांसी मंडल में विविध आयोजन

प्रयागराज ब्यूरो: अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर आज मंगलवार, 8 मार्च 2022 को झांसी मंडल में विभिन्न आयोजन किए गए। कार्यक्रमों की शृंखला में सर्वप्रथम गाड़ी सं. 01108 बुन्देलखंड एक्सप्रेस का झांसी से ग्वालियर के बीच संचालन महिला कर्मचारियों द्वारा किया गया। महिला क्रू में लोको पायलट श्रीमती पूनम शाक्य एवं वरिष्ठ सहायक लोको पायलट श्रीमती भारती श्रीवास्तव शामिल रहीं। उप स्टेशन प्रबंधक श्रीमती पूजा शर्मा द्वारा हरी झंडी दिखाकर गाड़ी को झांसी से ग्वालियर की और रवाना किया गया। इस अवसर पर ट्रेन की गार्ड शिवानी वर्मा रहीं।

इसके अलावा चेकिंग स्टाफ में सभी महिला कर्मी रहीं। इस अवसर पर महिला कर्मियों को प्रोत्साहित करने हेतु मंडल रेल प्रबंधक आशुतोष सहित अपर मंडल रेल प्रबंधक (तकनीकी) अमित सेंगर सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में रेल कर्मचारियों के स्वास्थ्य लाभ हेतु नव संस्थापित ओपन जिम का उद्घाटन महिला कल्याण संगठन, झांसी मंडल की अध्यक्षा श्रीमती रेनू गौतम द्वारा मंडल रेल प्रबंधक आशुतोष की उपस्थिति में किया गया। तत्पश्चात अन्य कार्यक्रम सीनियर इंस्टिट्यूट, झांसी में आयोजित किए गए।

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर उत्तर मध्य रेलवे झांसी मंडल में महिलाओं के लिए रंगोली प्रतियोगिता, रन फार फन एवं क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विजेता रही महिला रेल कर्मचरियों को आज सीनियर रेलवे इंस्टीटयूट में आयोजित कार्यक्रम में पुरस्कृत किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्रीमती रेनू गौतम, अध्यक्षा, महिला कल्याण संगठन एवं विशिष्ट अतिथि आशुतोष मंडल रेल प्रबंधक तथा उपस्थित रेल अधिकारियों, कर्मचारी हित निधि के पदाधिकारियों, महिला कल्याण संगठन की पदाधिकारियों का स्वागत वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी राजेश गुप्ता एवं श्रीमती अन्नपूर्णा गुप्ता द्वारा किया गया।

उल्लेखनीय है कि भारतीय रेल में लगभग 13 लाख कर्मचारियों में से करीब 92 हजार महिला कर्मचारी कार्यरत हैं। रेलवे द्वारा महिला कर्मचारियों के कल्याण पर पर्याप्त ध्यान दिया जाता है। महिलाओं के लिए विभिन्न कल्याणकारी कार्य कर्मचारी हित निधि तथा महिला कल्याण संगठन द्वारा किए जाते हैं। इसके अतिरिक्त मातृत्व अवकाश, चाइल्ड केयर लीव आदि भी महिलाओं का विशेष ध्यान रखकर स्वीकृति की जाती है, जिससे उनके कार्य में कोई बाधा न हो।

महिलाएं परिवार में सशक्त रूप से अपनी भूमिका निभा रही हैं। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम में रेलवे के प्रत्येक विभाग में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला रेल कर्मचारियों को मंडल रेल प्रबंधक तथा अध्यक्षा महिला कल्याण संगठन द्वारा सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में उपस्थित रहीं डाॅ प्रतिभा बंसल ने महिला हाईजीन पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि स्वस्थ्य नारी ही शक्तिशाली और सशक्त समाज का निर्माण करती है। कार्यक्रम में कु. प्रगति शर्मा, घटना नियंत्रक अधिकारी, नागरिक सुरक्षा ने अपना उद्बोधन कविता के माध्यम से प्रस्तुत किया। इस दौरान रेलवे में कार्यरत महिला कर्मचारियों की कविताओं, लेख आदि का संकलन ‘अभिव्यक्ति’ पत्रिका का विमोचन किया गया।

इस अवसर पर श्रीमती रेनू गौतम, अध्यक्षा महिला कल्याण संगठन कहा कि हमारा रेल परिवार महिलाओं को सदैव कल्याणकारी कार्य करने का अवसर प्रदान करता है। महिला संगठन के माध्यम से हम विभिन्न गतिविधियों तथा विकासशील कार्यक्रमों को संचालित करते हैं। नारी प्रतिभा को प्रकट करने के लिए नारी को परस्पर प्रोत्साहित एवं सम्मानित करने के लिए आज का यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है।

मंडल रेल प्रबंधक आशुतोष ने कहा कि भारत में हमेशा से महिलाएं पूज्यनीय हैं, हमें महिलाओं का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने सभी महिलाओं को उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक अमित सेंगर सहित झांसी मंडल के सभी शाखा अधिकारी, महिला कल्याण संगठन की पदाधिकारी, कर्मचारी हित निधि के पदाधिकारी एवं झांसी मंडल की महिला कर्मचारी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के अन्त में मंडल कार्मिक अधिकारी जी पी मिश्रा ने उपस्थित सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।