140 वर्ष पुराने ब्रिज का प्रतिस्थापन, मात्र 6 घंटे में पूरा हुआ कार्य

प्रयागराज ब्यूरो: रेल प्रशासन द्वारा इन्फ्रास्ट्रक्चर को बेहतर और मजबूत करने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है। गुरुवार, 17 अप्रैल को झाँसी मंडल द्वारा ऐतिहासिक कार्य किया गया। मंडल द्वारा झांसी-कानपुर खंड के पारीछा-चिरगांव अप लाइन पर स्थित 140 साल पुराने स्टोन स्लैब ब्रिज को प्रतिस्थापित किया गया। यहाँ स्टोन स्लैब ब्रिज की जगह 2.0X2.1 मीटर के आरसीसी बॉक्स लगाया गया। यह कार्य मात्र 6 घंटे में पूरा कर लिया गया।

पारीछा-चिरगांव अप लाइन पर वर्ष 1885 में ब्रिज संख्या 1157/1 का निर्माण किया गया था। पुराने ब्रिज के निर्माण में ईंट और पत्थर का इस्तेमाल किया गया था। इसका साइज 2.0×0.61 मीटर था। 140 वर्ष बाद ईंट और पत्थर के स्थान पर 2.0×2.1 मीटर के आरसीसी बॉक्स को प्रतिस्थापित किया गया है। आरसीसी बॉक्स की स्थापना के बाद यह ब्रिज 25 टन तक का भार उठाने में सक्षम हो गया है। यह ब्रिज झाँसी-कानपुर खंड के डेडीकेटेड फ्रेट कॉरिडोर में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

मंडल रेल प्रबंधक/झाँसी दीपक कुमार सिन्हा ने कहा कि मंडल के इंफ्रास्ट्रक्चर का विकास सतत रूप से जारी है। 140 वर्ष पुराने ब्रिज को नई मजबूती प्रदान की गई है। इससे ट्रेन का आवागमन और समयपालन बेहतर होगा।