लापरवाह गार्ड, बेपरवाह प्रशासन: मुंबई सबर्बन में कोताही पर चुप्पी और किंकर्तव्यविमूढ़ता क्यों?
Screenshot
भारतीय रेल में एक ऐसी श्रेणी है जिसकी व्यावहारिक उपयोगिता वर्षों पहले लगभग समाप्त हो चुकी है, लेकिन इसके बावजूद यह व्यवस्था पर अमरबेल की तरह लगातार फल-फूल रही है। विडंबना यह है कि एक ओर इस श्रेणी की ड्यूटी के प्रति लापरवाह और मनमानी बढ़ती जा रही है, तो दूसरी ओर प्रशासन की बेपरवाही और किंकर्तव्यविमूढ़ता इन चूकों और कोताहियों को मौन स्वीकृति देकर उन्हें संरक्षण प्रदान कर रही है। यहाँ बात रेलवे के ‘गार्ड’ संवर्ग की हो रही है—जिसका शाब्दिक अर्थ ‘रक्षक’ होता है और जिसे तकनीकी रूप से ट्रेन का प्रभारी (इंचार्ज) माना जाता है।
कुछ वर्ष पहले रेलवे द्वारा इन्हें अतिरिक्त पुरस्कार देते हुए ‘ट्रेन मैनेजर’ की पदवी से उपकृत किया गया। पदनाम बदलते ही इस संवर्ग के तेवर सातवें आसमान पर पहुँच गए हैं। विशेष रूप से मुंबई की उपनगरीय (सबर्बन) लोकल ट्रेनों में, जहाँ गार्ड की वास्तविक भूमिका नगण्य रह गई है, यह तथ्य स्वयं ये भी भली-भाँति जानते हैं। यही कारण है कि ड्यूटी के प्रति घोर लापरवाही बरतना और बिना किसी ठोस कार्य के भारी-भरकम ओवरटाइम भत्ता बनाना इनकी एक सामान्य प्रवृत्ति बन गई है, जबकि जिम्मेदार अधिकारी कार्रवाई करने के बजाय चुप्पी और असमंजस की स्थिति में दिखाई देते हैं।
पिछले 6 महीनों के दौरान मध्य रेल मुंबई सबर्बन नेटवर्क पर करीब 15 से 18 ऐसे मामले सामने आए हैं, जहाँ एसी लोकल के गार्ड स्टेशन आने पर न तो प्लेटफॉर्म की ओर झाँकना जरूरी समझते हैं और न ही कोच के दरवाजे खोलना। यह स्थिति तब है जब गार्ड कैब में बाएँ और दाएँ तरफ के दरवाजे खोलने के लिए दो स्पष्ट पीले बटन लगे होते हैं। बटन दबाते ही एमएमआई (#MMI) स्क्रीन पर विजुअल इंडिकेशन आता है और ‘बीप’ की ध्वनि भी सुनाई देती है।
इसी प्रकार, दरवाजा बंद करने के लिए लाल बटन दबाने पर पहले चेतावनी के रूप में बीप बजती है ताकि यात्री सतर्क हो जाएँ, और उसके बाद दरवाजे बंद होते हैं। यानी कैब में ऑडियो और विजुअल दोनों तरह के अलर्ट सिस्टम मौजूद हैं। इसके बावजूद गार्ड यह बुनियादी जिम्मेदारी भी नहीं निभा पा रहे हैं। इसका मुख्य कारण यह है कि ड्यूटी के दौरान वे कैब में बैठकर फेसबुक, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और अन्य तरह वीडियो देखने में इतने तल्लीन रहते हैं कि उन्हें यह भान ही नहीं रहता कि कौन-सा स्टेशन आ रहा है और कौन-सा निकल गया। शेष समय वे अपने परिचितों और रिश्तेदारों से मोबाइल पर लंबी बातचीत करने में बिताते हैं।
पिछले 6 महीनों में हुई इन घटनाओं के बाद मंडल प्रशासन द्वारा संबंधित गार्डों के विरुद्ध कार्रवाई के नाम पर जो कुछ हुआ वह प्रशासन की मिलीभगत और नरमी को उजागर करता है। इन मामलों में एक गार्ड को तो प्रशासन ने ससम्मान आरोपमुक्त (बरी) कर दिया, जबकि अन्य दोषियों के केवल पास और पीटीओ (PTO) रोककर इतिश्री कर ली गई। ‘सेफ्टी कैटेगरी’ जैसे अति-संवेदनशील पद पर तैनात इन कर्मचारियों की इतनी गंभीर चूक पर इतना नगण्य दंड किसी गहरे संरक्षण की ओर इशारा करता है। 15 से 18 दोषी कर्मचारियों में से केवल एक गार्ड की मात्र एक वर्ष की वेतन वृद्धि (इंक्रीमेंट) रोकी गई। ऐसे लचर अनुशासनात्मक रवैये के चलते इन कर्मचारियों की कार्यप्रणाली में सुधार की अपेक्षा कैसे की जा सकती है?
लापरवाही का यह सिलसिला थम नहीं रहा है। गत 18 नवंबर को लोकल ट्रेन संख्या UNU 21 पर तैनात गार्ड ने स्टेशन पर इतना कम हॉल्ट दिया कि न तो यात्री ठीक से उतर सके और न ही चढ़ पाए। मोबाइल पर बातचीत में मगन गार्ड ने गाड़ी रुकते ही तुरंत प्रस्थान की घंटी (बेल) बजा दी। परिणामस्वरूप कई यात्री प्लेटफॉर्म पर घिसटते चले गए; यह केवल संयोग और ईश्वर की कृपा ही रही कि कोई यात्री ट्रेन के नीचे नहीं आया। इस घटना को अभी दो दिन ही बीते थे कि 21 नवंबर को K-52 लोकल के गार्ड ने सायन स्टेशन पर दरवाजे खोले बिना ही ट्रेन को रवाना कर दिया।
प्रशासन के दोहरे मापदंडों की एक बानगी कुछ वर्ष पूर्व की एक घटना से भी स्पष्ट होती है। एक मुख्य लोको निरीक्षक (#CLI) से हुई चर्चा के अनुसार, वे कलवा कारशेड का निरीक्षण करने के बाद कलवा स्टेशन पहुँचे और कल्याण तक फुटप्लेट/कैब निरीक्षण के उद्देश्य से अपना परिचय देकर गार्ड कैब में चढ़ने लगे। आरोप है कि नशे में धुत गार्ड अपनी सीट से उठा, धड़ाक से कैब का दरवाजा बंद कर दिया और कहा कि यह कैब उसके लिए नहीं है, आगे के केबिन में जाइए—और यह कहते हुए उसने घंटी बजाकर गाड़ी स्टार्ट कर दी।
लोको निरीक्षक ने तत्काल इस घटना की रिपोर्ट मंडल प्रशासन द्वारा बनाए गए आधिकारिक ‘CLI ग्रुप’ में डाली, जिसमें अपर मंडल रेल प्रबंधक (#ADRM) सहित सभी संबंधित वरिष्ठ अधिकारी जुड़े होते हैं। लेकिन आश्चर्यजनक रूप से सभी अधिकारियों ने चुप्पी साध ली और किसी ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। यदि यही शिकायत किसी मोटरमैन के विरुद्ध की गई होती, तो पूरा प्रशासनिक अमला तत्काल सक्रिय जाता।
जब ग्रुप में किसी अधिकारी का जवाब नहीं आया, तो लोको निरीक्षक ने लोको पावर कंट्रोलर को सूचित किया और सहायक विद्युत अभियंता (#AEE/Operation, सबर्बन) को फोन पर मामले की जानकारी दी। संबंधित अधिकारी ने मामले से पल्ला झाड़ते हुए कहा कि आप सीधे सहायक परिचालन प्रबंधक (#AOM) को सूचित करें। जब CLI ने तत्कालीन AOM को फोन पर पूरी घटना बताई, तो उन्होंने दोटूक कह दिया कि गार्ड का कोई ब्रीद एनालाइजर टेस्ट नहीं कराया जाएगा और जो भी कहना है, लिखित शिकायत दी जाए। जब निरीक्षक ने ध्यान दिलाया कि आज शुक्रवार की रात है और शनिवार-रविवार को कार्यालय बंद रहने के कारण सोमवार तक लिखित शिकायत पहुँचने पर नशे की पुष्टि कैसे हो पाएगी, तब भी संबंधित AOM ने लिखित शिकायत देने की बात दोहराते हुए फोन काट दिया।
निष्कर्ष: बदलती तकनीक के दौर में सबर्बन गार्ड की प्रासंगिकता और जवाबदेही
मुंबई उपनगरीय रेल नेटवर्क विश्व की सबसे व्यस्ततम रेल प्रणालियों में से एक है, जहाँ प्रतिदिन लाखों यात्रियों की सुरक्षा दांव पर लगी होती है। आधुनिक ईएमयू (EMU) और एसी लोकल रेक में ऑटोमैटिक डोर क्लोजिंग, ऑडियो-विजुअल इंडिकेशन और आधुनिक सिग्नलिंग सिस्टम आने के बाद गार्ड की पारंपरिक भूमिका अत्यंत सीमित हो गई है। वर्तमान परिदृश्य में गार्ड का मुख्य कार्य प्लेटफॉर्म पर यात्रियों के सुरक्षित चढ़ने-उतरने की निगरानी करना और आपात स्थिति में त्वरित समन्वय स्थापित करना ही शेष रह गया है। जबकि यह काम लोकल ट्रेन की दोनों तरफ की कैब में मोटरमैन रहने से न केवल बेहतर ढ़ंग से हो सकता है, बल्कि समय की बचत भी हो सकती है। रेल प्रशासन यह प्रयास बीसों साल से कर रहा है, मगर गार्डों के साथ यूनियनों के खड़े रहने से उसे सफलता नहीं मिली!
परंतु विडंबना यह है कि तकनीक के इस दौर में जब कार्यभार कम हुआ है, तब सतर्कता बढ़ने के बजाय लापरवाही चरम पर पहुँच गई है। मोबाइल फोन के अनियंत्रित उपयोग और ड्यूटी के प्रति उदासीनता ने इस पद को सुरक्षा कवच के बजाय यात्रियों के लिए जोखिम का कारण बना दिया है। यदि रेल प्रशासन वास्तव में यात्री सुरक्षा के प्रति गंभीर है, तो उसे दोहरे मापदंड त्यागकर ‘सेफ्टी कैटेगरी’ में जीरो टॉलरेंस की नीति लागू करनी होगी। साथ ही, आधुनिक उपनगरीय ट्रेनों में गार्ड की वास्तविक उपयोगिता, कैब में सीसीटीवी या मोबाइल जैमर/निगरानी व्यवस्था तथा मोटरमैन के साथ उनकी जवाबदेही के पुनर्मूल्यांकन की तत्काल आवश्यकता है, अन्यथा किसी बड़ी अनहोनी को रोकना कठिन होगा।

