रेलमंत्री ने हड़पसर से पुणे-दानापुर अमृत भारत एक्सप्रेस को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया

रेलमंत्री ने पुणे रेलवे स्टेशन से पुणे-साईनगर शिर्डी एक्सप्रेस की पहली यात्रा को हरी झंडी दिखाई

रेलमंत्री ने पुणे यार्ड रिमॉडलिंग और अन्य बुनियादी ढ़ांचागत कार्यों की आधारशिला रखी

पुणे: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और भारत सरकार के रेल, सूचना एवं प्रसारण और इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने विभिन्न गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में दिनांक 17.06.2026 को पुणे रेलवे स्टेशन पर आयोजित एक समारोह में पुणे-साईनगर शिर्डी एक्सप्रेस की पहली यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और पुणे यार्ड के पुनर्व्यवस्थापन (रिमॉडलिंग) और अन्य बुनियादी ढांचागत कार्यों की आधारशिला रखी।

Advertisements

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इस कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम में भारत सरकार के सहकारिता एवं नागरिक उड्डयन राज्यमंत्री मुरलीधर मोहोल, महाराष्ट्र विधान परिषद के अध्यक्ष राम शिंदे, महाराष्ट्र सरकार के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा एवं संसदीय कार्य मंत्री चंद्रकांत (दादा) पाटिल, विधान परिषद के सदस्य विवेक कोल्हे और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

इस अवसर पर बोलते हुए रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि 70 लाख से अधिक की आबादी और यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए पुणे को एक मेगा टर्मिनल की आवश्यकता है। पुणे में यार्ड के पुनर्व्यवस्थापन (रिमॉडलिंग) कार्य, पुणे स्टेशन पर मौजूदा 6 प्लेटफार्मों के विस्तार के साथ-साथ 6 नए प्लेटफार्म बनाकर कुल 12 प्लेटफार्म बनाना, पुणे में नया प्रवेश द्वार, आलंदी में टर्मिनल, घोरपड़ी में कोचिंग रखरखाव डिपो आदि सहित ₹600 करोड़ के निवेश से विभिन्न अवसंरचना कार्यों की योजना बनाई गई है। इन कार्यों से पुणे से 20 अतिरिक्त ट्रेन सेवाएं शुरू हो सकेंगी।

श्री वैष्णव ने यह भी बताया कि महाराष्ट्र के 132 स्टेशनों के पुनर्विकास का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है, जिनमें सीएसएमटी, पुणे, हडपसर, कोल्हापुर, सतारा, छत्रपति संभाजीनगर, जालना, नासिक रोड, नागपुर और अन्य स्टेशन शामिल हैं। उन्होंने यह भी कहा कि हमारे देश में विकास कार्य अधिक चुनौतीपूर्ण है क्योंकि यह मौजूदा ट्रेन सेवाओं को बाधित किए बिना किया जाता है, जबकि अन्य देशों में आमतौर पर सेवाओं को पूरी तरह बंद करके कार्य किया जाता है।

रेलमंत्री ने यात्रियों को आश्वस्त किया कि पुणे-नासिक रोड रेल मार्ग का निर्धारण हो चुका है और नांदेड़ और मुंबई के बीच एक नई रेल सेवा शुरू की जाएगी। उन्होंने महाराष्ट्र में जल्द ही वंदे भारत स्लीपर ट्रेन शुरू करने की भी घोषणा की।

रेलमंत्री ने बुलेट ट्रेनों के आने से पुणे और मुंबई के बीच यात्रा का समय 48 मिनट और पुणे और हैदराबाद के बीच यात्रा का समय 2 घंटे 8 मिनट होने की संभावना का संक्षिप्त विवरण दिया। उन्होंने बताया कि मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना के पहले चरण का संचालन 2027 में शुरू होगा। इन परियोजनाओं से हैदराबाद, पुणे, ठाणे, वापी, मुंबई और अहमदाबाद शहर आपस में जुड़ जाएंगे।

बाद में हडपसर में आयोजित एक कार्यक्रम में, अश्विनी वैष्णव ने पुणे-दानापुर अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन का निरीक्षण किया और स्कूली बच्चों तथा रेलवे के विभिन्न कर्मचारियों से बातचीत की।

रेलमंत्री ने विधायक चेतन तुपे और अन्य गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में पुणे-दानापुर अमृत भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर मध्य रेल के महाप्रबंधक राजीव श्रीवास्तव और मध्य रेल के सभी संबंधित वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।