उत्तर रेलवे में हलचल: 7 नए कार्यों के आवंटन के बीच पुराने कार्यों के वेरिएशन पर गंभीर प्रश्न!
Screenshot
#RailSamachar की “उत्तर रेलवे के गतिशक्ति कार्यों में लागत वृद्धि पर CBI जांच की मांग” शीर्षक खबर के बाद कल उत्तर रेलवे में नरवाना, रोहतक, जींद और बहादुरगढ़ के कार्यों को लेकर डीआरएम कार्यालय से लेकर बड़ौदा हाउस मुख्यालय तक दिनभर चर्चा का वातावरण तप्त रहा। आज सात कार्यों के आवंटन की चर्चा के बीच सबसे बड़ा प्रश्न पुराने चल रहे कार्यों के बैलेंस वर्क और बार-बार किए जा रहे वेरिएशन को लेकर उठा।
Nov. 26, 2026: “CBI Probe Sought Over Cost Jumps in #NorthernRailway Gati Shakti Works”
स्टेकहोल्डर्स का यह कहना है कि जब किसी कार्य में पहले ही 50% तक वेरिएशन हो चुका है, तो उसके बाद दोबारा वेरिएशन की आवश्यकता क्यों पड़ रही है? क्या मूल टेंडर और स्वीकृत कार्ययोजना में ही गंभीर कमियां थीं? और यदि पुराने कार्यों में अभी भी बैलेंस वर्क शेष है, तो नए कार्यों के आवंटन और पुराने कार्यों के वेरिएशन की प्रक्रिया में पारदर्शिता कैसे सुनिश्चित की जा रही है?
बताते हैं कि दिनभर की चर्चा में हास्य और व्यंग्य के साथ भ्रष्टाचार का मुद्दा भी गहराता दिखाई दिया। जो अधिकारी और संबंधित लोग पहले कथित तौर पर दबे स्वर में इन मुद्दों पर बात करते थे, वे आज खुलकर टेबल पर चर्चा करते दिखाई दिए।
अब प्रश्न केवल कार्यों की प्रगति का नहीं, बल्कि रेलवे में टेंडर प्रक्रिया, वेरिएशन की स्वीकृति, बैलेंस वर्क और अधिकारियों की जवाबदेही का भी है।
रेल प्रशासन को स्पष्ट करना चाहिए:
- सात नए कार्यों के आवंटन का पूरा विवरण सार्वजनिक हो।
- पुराने कार्यों में 50% वेरिएशन के बाद दोबारा वेरिएशन का औचित्य बताया जाए।
- बैलेंस वर्क रहते हुए नए टेंडर या अतिरिक्त वेरिएशन की आवश्यकता स्पष्ट की जाए।
- संबंधित स्वीकृतियों, फाइल नोटिंग और वित्तीय अनुमोदन की जांच हो।
- यदि अनियमितता पाई जाती है तो जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय हो।
रेलवे जनता के पैसे से चलती है, रेलवे किसी अधिकारी या ठेकेदार की निजी संपत्ति नहीं है। पारदर्शिता और जवाबदेही ही असली गति शक्ति है। और सरकार , मंत्री एवं अधिकारी केवल जनता के सेवक हैं!
अब केवल सिविल कार्यों की ही नहीं, बिजली की तारों में भी अनियमितताओं की चर्चा हो रही है!
आज की चर्चा में एक और गंभीर मुद्दा उभरकर सामने आया। अधिकारियों के बीच यह बात भी उठी कि कथित गड़बड़ियां केवल सिविल वर्क्स तक सीमित नहीं हैं, बल्कि बिजली की तारों (इलेक्ट्रिकल वर्क्स) से जुड़े कार्यों में भी बहुत बड़ी गड़बड़ियां हो रही हैं।
अब पूछा यह जा रहा है कि क्या गति शक्ति के तहत इलेक्ट्रिकल वर्क्स में भी बैलेंस वर्क के टेंडर जारी किए जा रहे हैं? यदि मूल अनुबंध में कार्य शेष है, तो अलग से बैलेंस वर्क टेंडर की आवश्यकता क्यों पड़ रही है? क्या यहां भी वेरिएशन और टेंडर प्रक्रिया की जांच आवश्यक नहीं है?
“गति शक्ति” में आखिर ‘गति’ किसकी है और आखिरी ‘शक्ति’ किसके पास है? सिविल वर्क हो या इलेक्ट्रिकल, रेलवे के हर कार्य में टेंडर, वेरिएशन, भुगतान और बैलेंस वर्क का पूरा हिसाब सार्वजनिक होना चाहिए। यह चर्चा अभी समाप्त नहीं हुई है… To Be Continued..

